गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान कलेक्टर-एसपी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया

सीहोर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कुबेरेश्वर धाम में आयोजित भव्य महोत्सव के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. एवं एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य शिविर, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, साफ सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें और आयोजन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर बालागुरू ने उन्होंने कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने, श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सक, दवाइयां और एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुगम मार्ग, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रहे। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित साफ सफाई तथा आवश्यक सुविधाओं की सतत निगरानी करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि सीहोर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफल, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बन सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम तन्मय वर्मा और सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



