Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भैरूंदा में पतंजलि शहद और नारियल कुकीज के लिए सैंपल, जिले भर में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशों के बाद जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए बड़ा अभियान छेड़ दिया है। दूध, दुग्ध उत्पादों और दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्रियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमों ने पूरे जिले में दुकानों, डेरियों, फैक्ट्रियों और यहां तक कि दूध परिवहन वाहनों पर औचक छापेमारी कर ताबड़तोड़ सैंपल सील किए।
इस पूरे अभियान में सबसे प्रमुख कार्रवाई भैरूंदा स्थित मुरली ट्रेडर्स पर हुई, जहां खाद्य सुरक्षा टीम ने बाजार में बिक रहे प्रसिद्ध ब्रांड पतंजलि के शहद और नारियल कुकीज के नमूने संग्रहित किए। बाजार में पैक्ड खाद्य सामग्री और नामी ब्रांड्स के उत्पादों की शुद्धता व सुरक्षा मानकों को परखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
जिले भर में चला जांच अभियान
पतंजलि के उत्पादों के अलावा विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले के अन्य कस्बों और शहरों में भी दबिश दी, जिसमें भैरूंदा में साईं कृपा डेयरी से दही, पवन किराना स्टोर से चाय, अचार व कैंडी तथा राठौर किराना स्टोर से नमकीन और साबूदाना के सैंपल लिए गए। आष्टा व पचामा में सुधम मिल्क प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड आष्टा और पचामा रोड से मिक्स मिल्क, मावा और घी के नमूने सील किए गए। जावर में श्री राधा कृष्ण मिल्क पॉइंट से पनीर व घी तथा न्यू सेंधव मिल्क सेंटर से मिश्रित दूध के सैंपल लिए गए। सीहोर शहर व अमलाहा से न्यू सुपर डेयरी से दूध व दही, सरोज एंटरप्राइजेस से घी, पापड़, इडली और ढोकला इंस्टेंट पाउडर के नमूने लिए गए। नापलाखेड़ी चौराहा स्थित दरबार रेस्टोरेंट से गुलाब जामुन और अमलहा के पास एक दुग्ध वाहन को रोककर मिश्रित व गाय के दूध का नमूना लिया गया।
राज्य प्रयोगशाला भेजे गए नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित किए गए पतंजलि शहद, कुकीज, दूध, घी और मावा सहित सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमों के अनुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विभाग ने सभी व्यापारियों और डेयरी संचालकों को अपनी दुकानों में साफ सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की सख्त हिदायत दी है। यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलीन ई. पन्ना, भावना ठाकुर, दीपाली, अखिलेश गंगवाल और ज्योति बंसल की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button