मौसमी बीमारियों में इजाफा, जिला अस्पताल में जुलाई में पहुंचे 34 हजार से ज्यादा मरीज

सीहोर। मानसून की बारिश के साथ ही जिले में मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढऩे लगा है। मौसम में बदलाव और दूषित खान-पान के कारण जिला चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। गुरुवार को दिनभर में एक हजार से अधिक मरीज इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे
हालांकि राहत की बात यह है कि अभी डेंगू और मलेरिया के गंभीर मामले सामने नहीं आए हैं, लेकिन सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, टॉन्सिल, साइनस और कान के संक्रमण के मामलों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा उल्टी-दस्त, पेचिश, पीलिया और टाइफाइड से पीडि़त मरीज भी लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं।
ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज मेडिसिन विभाग के
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार 1 जुलाई से अब तक कुल 34 हजार 589 मरीज ओपीडी में आ चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 13 हजार 324 मरीज मेडिसिन विभाग के हैं। आंकड़ों की मानें तो इनमें से 8 हजार से अधिक मरीज सीधे तौर पर मौसमी और जलजनित बीमारियों से पीडि़त पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जारी की एडवाइजरी
बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डहेरिया ने एडवाइजरी जारी कर सभी स्वास्थ्य केंद्रों को जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आम जनता से भी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
– हमेशा स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करें। पानी में संदेह हो तो उसे उबालकर, छानकर या क्लोरीन की गोली डालकर 1 घंटे बाद ही पीएं।
– खाना बनाने, परोसने, खाने से पहले और शौचालय के इस्तेमाल के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं।
– ताजा पका हुआ भोजन ही करें। कटे फल, खुले में बिकने वाली चीजें और ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करें।
– भोजन को हमेशा ढककर रखें ताकि मक्खियों से बचाव हो सके। घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें।
तारीख ओपीडी भर्ती मरीज
22 जुलाई 1016 118
23 जुलाई 1197 111
24 जुलाई 1341 99
25 जुलाई 1474 117
26 जुलाई 549 86
27 जुलाई 1505 145
28 जुलाई 1386 134
29 जुलाई 940 87



