Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कोलिया खाल डैम में अज्ञात टैंकर ने डाला संदिग्ध केमिकल, एहतियात के तौर पर जल आपूर्ति रोकी

सीहोर। इछावर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेरी स्थित कोलिया खाल डैम में एक अज्ञात टैंकर द्वारा संदिग्ध केमिकल छोड़े जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हडक़ंप मच गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कोलिया खाल डैम से आसपास के ग्रामीण इलाकों में होने वाली जल आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार अज्ञात टैंकर चालक सुनसान और शांत इलाके का फायदा उठाकर डैम के पास पहुंचा। आरोपी ने कथित तौर पर जहरीला या संदिग्ध केमिकल डैम के पानी में उड़ेल दिया और मौके से टैंकर लेकर फरार हो गया। जब ग्रामीणों को पानी में किसी रासायनिक पदार्थ के मिले होने का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी।
लैब भेजे गए पानी के सैंपल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पानी की वास्तविक स्थिति और उसमें मिलाए गए पदार्थ की प्रकृति का पता लगाने के लिए जल आपूर्ति विभाग की मदद से पानी के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि डैम में कौन सा केमिकल मिलाया गया था और उसका स्वास्थ्य पर कितना प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात टैंकर और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है। इसके लिए मुख्य मार्ग और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टैंकर किस रास्ते से आया था और घटना को अंजाम देने के बाद किस दिशा में भागा है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
डैम का पानी दूषित होने से आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने, पानी को जल्द से जल्द स्वच्छ कराने और पर्यावरण व जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने रिपोर्ट आने तक ग्रामीणों को डैम के पानी का उपयोग न करने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button