बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा दिलाने कांग्रेस ने की राजीव की अगुवाई में अहमदपुर से श्यामपुर तक राहत पैकेज पदयात्रा

सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लगभग चार दर्जन गांवों में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत और न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में अहमदपुर से श्यामपुर तक राहत पैकेज पदयात्रा की। बता दें कि बाढ़ से तबाह हुए परिवारों की मांगों और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और बाढ़ पीड़ित शामिल हुए हैं।
बाढ़ से मची भारी तबाही –
क्षेत्र में आई हालिया बाढ़ के कारण कई गांवों में भारी तबाही हुई है। दर्जनों परिवारों के मकान ढह गए हैं, खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं, जबकि घरों में रखा अनाज, दुकानें और मवेशी बह गए हैं। इस आपदा से प्रभावित ग्रामीणों को राहत राशि और मुआवजा दिलवाने के लिए कांग्रेस यह लड़ाई लड़ रही है।
दो चरणों में हुई पदयात्रा –
आज निकाली गई इस पदयात्रा को दो अलग-अलग चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में पदयात्रा की शुरुआत बुधवार सुबह 9 बजे अहमदपुर से हुई। यह यात्रा वनखेड़ा होते हुए चरनाल पहुंची। विश्राम के बाद दोपहर 12 बजे पदयात्रा का दूसरा चरण छतरी गांव से प्रारंभ हुआ जो सोठी होते हुए श्यामपुर पहुंचा। यहां श्यामपुर तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया एवं कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रभावित ग्रामीणों ने मिलकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान ज्ञापन भी सौंपा गया। कांग्रेस ने ज्ञापन में मांग की है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तुरंत विशेष राहत पैकेज दिया जाए। राजस्व विभाग द्वारा निष्पक्ष सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। बेघर हुए लोगों और किसानों को हर संभव सहायता दी जाए। जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि बाढ़ पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत राशि और उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।




