सीहोर में भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक के बाद अब मंडलों में होंगी बैठकें, प्रभारी भी बनाए

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया
जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बूथ तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसको लेकर सीहोर जिला कार्यसमिति की बैठक व जिला कार्यशाला के बाद अब मंडल स्तर पर भी कार्यसमिति बैठकें शुरू हो रही हैं। इसी कड़ी में इछावर विधानसभा के गुड़भेला मंडल में बैठक रखी गई है। इसका प्रभारी वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा को बनाया गया है। वे वहां मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। श्री अरोरा के साथ में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एवं युवा भाजपा नेता विष्णु वर्मा भी रहेंगे। इस बैठक में मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल मोर्चा के अध्यक्ष, शक्ति केंद्र के प्रभारी एवं सह-प्रभारी समस्त बूथों के अध्यक्ष एवं समस्त कार्यसमिति सदस्य सहित कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। गुड़भेला मंडल की बैठक श्रीराम मंदिर प्रांगण ग्राम लसूडिया खास में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। इसमें भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। यहां बता दें कि पिछले दिनों श्री अरोरा ओरछा में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में भी शामिल हुए थे। वे दो दिनों तक पूरे समय बैठक में उपस्थित रहे एवं वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के लिए मंडलों में बनाया प्रभारी –
सीहोर जिले के मंडलों में भाजपा कार्यसमिति की बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान के लिए प्रभारी बनाए गए हैं। इसी कड़ी में बुधनी विधानसभा के गोपालपुर और भैरूंदा मंडल में रवि मालवीय, लाड़कुई, चकल्दी मंडल में रघुनाथ सिंह भाटी, सलकनपुर मंडल में लखन यादव, बुधनी और शाहगंज मंडल में जितेंद्र गौड़ को प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह इछावर विधानसभा के बिलकिसगंज और बरखेड़ी मंडल में विष्णु वर्मा, इछावर, दिवड़िया मंडल में भूपेंद्र सिसोदिया, गुड़भेला मंडल में जसपाल सिंह अरोड़ा को प्रभारी बनाया गया है। आष्टा विधानसभा के आष्टा, कोठरी मंडल में नरेश मेवाड़ा, खाचरोद व सिद्धिगंज मंडल में धारा सिंह पटेल, आष्टा ग्रामीण में कल्याण सिंह, डोडी व जावर मंडल में भूपेंद्र पाटीदार, मैना मंडल में बाबूलाल पटेल, सीहोर विधानसभा के नगर- 1 व नगर-2 में विकास वीरानी, अहमदपुर मंडल में सन्नी महाजन, दोराहा मंडल में गिरीश सोलंकी और श्यामपुर मंडल में प्रिंस राठौर को प्रभारी बनाया गया है।



