’कांग्रेसियों’ की कुंडली में ’एफआईआर’ के योग!

सुमित शर्मा
मनुष्य जीवन में ग्रह, नक्षत्र, योग, कुंडली, मुहूर्त… इन सबका विशेष एवं अहम स्थान होता है। सनातन धर्म के मानने वाले इस सब पर विश्वास भी करते हैं। विश्वास होना भी चाहिए, क्योंकि ग्रह, नक्षत्र, योग-संयोग सबके विशेष मायने होते हैं। कहते भी हैं कि ’जब ग्रह-नक्षत्र विपरीत और समय खराब चलता है तो ऊंट पर बैठे व्यक्ति को भी कुत्ता काट लेता है।’ ऐसा ही कुछ इस समय देश से लेकर प्रदेश और सीहोर जिले के कांग्रेस नेताओं के साथ भी हो रहा है। इस समय ’कांग्रेसियों’ की कुंडली में ’एफआईआर’ के प्रबल योग नजर आ रहे हैं। दरअसल ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि जहां कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी पर पिछले दिनों एफआईआर दर्ज हुई तो वहीं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है। उनके भाई नाना पटवारी की भी गिरफ्तारी हुई। अब ऐसा ही कुछ सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा के युवा नेता अर्जुन शर्मा ’निक्की’ के साथ भी हुआ है। उनके खिलाफ पिछले दिनों सीहोर जिले के बिलकिसगंज थाने में एक युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इन मामलों में हुई कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर –

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण विवाद पर टिप्पणी करने के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा हुई थी। इसके बाद कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने मैदान का शुद्धिकरण (हवन) किया था। कांग्रेस ने इसे दलित विरोधी मानसिकता और जातिगत भेदभाव बताया। राहुल गांधी ने इस पर सवाल उठाए और शुद्धिकरण करने वालों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में वाल्मीकि समुदाय से जुड़े अमित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि राहुल गांधी के बयानों से अनुसूचित जाति की भावनाएं आहत हुई हैं और समुदायों के बीच द्वेष फैल सकता है। इसके आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। इसी तरह मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी समय-समय पर विभिन्न मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें अशोकनगर का कथित मल कांड वीडियो मामला, भोपाल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के बाहर बिना अनुमति प्रदर्शन और भिंड/ग्वालियर से जुड़ा चुनावी सभा का पुराना मामला शामिल है। जीतू पटवारी पर एक दलित युवक को जबरन मानव मल खिलाए जाने का झूठा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और दो समुदायों के बीच तनाव फैलाने के आरोप में मुंगावली थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, बाद में पीड़ित युवक ने मजिस्ट्रेट/कलेक्टर के समक्ष हलफनामा देकर बयान को झूठा बताया था। इससे पहले अक्टूबर 2025 में किसानों के समर्थन में धान और सोयाबीन की बोरियां लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित बंगले के बाहर बिना अनुमति प्रदर्शन करने और यातायात बाधित करने के आरोप में टीटी नगर थाने में पटवारी और मुकेश नायक पर केस दर्ज हुआ था। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को जुलाई 2026 में इंदौर पुलिस ने एक ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इंदौर के राजेंद्र नगर थाने में पकड़े गए दो ड्रग पैडलर्स ने पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम लिया था, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
दिग्विजय सिंह पर भी हुए हैं कई मामले दर्ज-
एफआईआर के मामलों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह भी पीछे नहीं हैं। उनके खिलाफ भी समय-समय पर विभिन्न थानों में मामले दर्ज हुए हैं। जुलाई-2023 में दिग्विजय सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर आरएसएस के पूर्व प्रमुख गुरु गोलवलकर को लेकर कथित तौर पर एक विवादित पोस्ट शेयर की गई थी। इस मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने के आरोप में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। हालांकि, दिसंबर 2023 में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इन मामलों में दिग्विजय सिंह को बड़ी राहत देते हुए एफआईआर पर रोक लगा दी थी। इसी प्रकार अगस्त-2023 में दमोह के जैन तीर्थ कुंडलपुर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में भी उन पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा था कि उन्होंने केवल तथ्यात्मक जानकारी साझा की थी। इससे पहले जून-2020 में भोपाल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में कोरोना संक्रमण काल और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का उल्लंघन कर साइकिल रैली निकालने के आरोप में दिग्विजय सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जून-2020 में भोपाल क्राइम ब्रांच ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक वीडियो को कथित तौर पर तोड़-मरोड़कर शेयर करने के मामले में भी उन पर केस दर्ज किया था।



