Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

गरबा सीखने उमड़ा बालिकाओं का हुजूम, हॉल पड़ा छोटा, अब वॉटरप्रूफ डोम में दिया जाएगा प्रशिक्षण

सीहोर। शहर के आवासीय खेलकूद मैदान में आयोजित क्रिसेंट गरबा महोत्सव के प्रशिक्षण शिविर के पहले ही दिन बालिकाओं और महिलाओं का ऐसा उत्साह देखने को मिला कि बना-बनाया प्रैक्टिस हॉल छोटा पड़ गया। अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच के तत्वावधान में आयोजित इस महा गरबा प्रशिक्षण शिविर में रविवार को अचानक छात्राओं, बालिकाओं और महिलाओं की संख्या 2000 के पार पहुंच गई, जिससे कंपटीशन शुरू होने से पहले ही नया रिकॉर्ड बन गया।
प्रशिक्षण के पहले दिन हॉल में जगह कम पडऩे के कारण सैकड़ों बालिकाओं को अभ्यास करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ इतनी अधिक थी कि ट्रेनरों को भी गरबा सिखाने और व्यवस्था संभालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस विकट स्थिति को देखते हुए प्रसिद्ध समाजसेविका अरुणा राय ने तत्काल कमान संभाली और व्यवस्थाओं को सुचारू कराया।
विधायक ने दिए निर्देश, लगे वॉटरप्रूफ डोम
बालिकाओं और मातृशक्ति के अपार स्नेह तथा बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विधायक सुदेश राय ने तुरंत निर्णय लिया। उन्होंने आवासीय खेलकूद मैदान परिसर में ही एक बड़ा वॉटरप्रूफ डोम और टेंट लगवाने के निर्देश जारी किए, ताकि आगामी दिनों में प्रशिक्षण लेने आने वाली किसी भी बालिका या महिला को असुविधा का सामना न करना पड़े।
माता जगदंबा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ
इससे पूर्व कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माता रानी जगदंबा की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर समाजसेविका अरुणा राय और विधायक सुदेश राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर गरबा प्रशिक्षण की शुरुआत की।
इस मौके पर अरुणा राय ने कहा माता दुर्गा की शक्ति की भक्ति नृत्य के माध्यम से अनादि काल से चली आ रही है। गरबा प्रशिक्षण में शहर की सभी माताएं, बहनें और बालिकाएं सादर आमंत्रित हैं। शक्ति की भक्ति करने से मातृशक्ति को कोई रोक नहीं सकता।
पारिवारिक माहौल में होगा आयोजन
आयोजकों ने बताया कि क्रिसेंट गरबा महोत्सव पूरी तरह से शुद्ध पारिवारिक और सुरक्षित वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इसमें बालिकाएं और महिलाएं माता के भक्ति गीतों पर अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देंगी। महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार के रूप में स्कूटी, लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित कई अन्य आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button