Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बुधनी स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से विशालकाय अजगर की मौत, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

सीहोर। बुधनी रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रेलवे ट्रैक पार कर रहा एक बड़ा अजगर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास हुआ। ट्रेन का पहिया ऊपर से गुजरने के कारण अजगर की मौके पर ही मौत हो गई।
बुधनी का यह पूरा इलाका घने जंगलों और वन्यजीवों की मौजूदगी से घिरा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि अजगर भोजन या सुरक्षित ठिकाने की तलाश में जंगल से निकलकर स्टेशन क्षेत्र में आ पहुंचा था और ट्रैक पार करते समय दुर्घटना का शिकार हो गया।
मौके पर जुटी लोगों की भीड़, बनाया वीडियो
बुधनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास जब यह घटना हुई, उस समय स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी। जैसे ही लोगों की नजऱ पटरी पर पड़े मृत अजगर पर पड़ी, वहां देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। अजगर का आकार काफी बड़ा था, जिसे देखने के लिए लोग उत्सुक दिखे। इस दौरान कुछ यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने अपने मोबाइल से घटना के फोटो और वीडियो भी बनाए। घटना की भनक लगते ही रेलवे के स्टेशन स्टाफ ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।
वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर बनाया पंचनामा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बिना देरी किए बुधनी स्टेशन पहुंची और पटरियों के बीच से मृत अजगर को हटाकर रेलवे ट्रैक को साफ कराया। वन विभाग ने नियमानुसार पूरी घटना का पंचनामा तैयार किया है। अधिकारियों के अनुसार पशु चिकित्सक से अजगर का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद वन विभाग के दिशानिर्देशों और तय नियमों के तहत उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जंगल से सटा है बुधनी, इसलिए ट्रैक पर आते हैं वन्यजीव
बता दें वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बुधनी का आसपास का क्षेत्र मुख्य रूप से वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आता है। रातापानी और आसपास के जंगलों से घिरा होने के कारण यहां तेंदुए, अजगर, हिरण और अन्य वन्यजीवों की उपस्थिति अक्सर बनी रहती है। कई बार ये वन्यजीव खाने या पानी की तलाश में भटकते हुए रेल पटरियों या आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच जाते हैं। इसी वजह से अजगर भी जंगल से भटककर ट्रैक पर आ गया होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button