Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

डीमावर गांव में दिनदहाड़े किसान की नृशंस हत्या

सीहोर। भेरूंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डीमावर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई एक खूनी वारदात से पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया। खेत पर काम करने गए 42 वर्षीय किसान राजेश यदुवंशी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर नृशंस हत्या कर दी। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार राजेश यदुवंशी रोजाना की तरह गुरुवार को भी अपने खेत पर काम करने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि राजेश को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटे और खेत में उनका लहूलुहान शव देखा गया तो मृतक के भाई ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जांच में जुटी एफएसएल टीम
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। पुलिस आसपास के खेतों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों का कोई सुराग लग सके।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं, जांच जारी
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। रंजिश या किसी अन्य विवाद के कोणों से भी पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। वहीं भेरूंदा के एसडीओपी रोशन जैन के अनुसार मृतक के भाई की सूचना पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल स्थिति संदिग्ध बनी हुई है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द गिरफ्तारी की मांग
दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के बाद से डीमावर गांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button