Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नारियल पर सजे भगवान गणेश, युवतियों और महिलाओं ने डांस प्रतियोगिता में बिखेरी नृत्य कला की छटा

महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव, गुरुवार को आयोजित प्रतियोगिताओं में झलकी कलात्मक प्रतिभा

सीहोर। अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव में गुरुवार को अग्रवाल समाज की महिलाओं और युवतियों के कलात्मक हुनर और नृत्य कला का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। महोत्सव की श्रृंखला में गुरुवार को आयोजित की गई नारियल पर गणेश जी सजाओ और डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव के मीडिया प्रभारी पवन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को विशेष रूप से युवतियों एवं महिलाओं के लिए आयोजित इन प्रतियोगिताओं को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।
नारियल पर गणेश जी सजाओ प्रतियोगिता: इसमें महिलाओं और युवतियों ने अपनी अद्भुत रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का परिचय दिया। साधारण नारियलों पर भगवान श्री गणेश की बेहद सुंदर, मनमोहक और बारीक आकृतियां उकेरकर प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता का लोहा मनवाया।
डांस प्रतियोगिता: इसके पश्चात आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने एक से बढक़र एक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक और सांस्कृतिक गीतों पर युवतियों व महिलाओं ने अपनी बेहतरीन नृत्य कला का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। आयोजकों द्वारा इन प्रतियोगिताओं को अधिक रोचक और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं, जिससे पूरा माहौल आनंदमय हो गया।
शुक्रवार को लगेगा आनंद मेला, लजीज व्यंजनों के रहेंगे स्टॉल
मीडिया प्रभारी पवन गुप्ता ने बताया कि जयंती महोत्सव के तहत आयोजित आनंद मेले को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह है। मेले में समाज की महिलाओं और सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट और चटपटे व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जो आगंतुकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। अग्रवाल समाज ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार व बच्चों के साथ आनंद मेले में पहुंचकर स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक गतिविधियों का लुत्फ उठाएं तथा महोत्सव को सफल बनाएं।
आनंद मेले में शामिल होने की अपील करने वालों में अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, रुक्मणी रोहिला, निलेश जयपुरिया, मोहिनी अग्रवाल, दिलीप रूठिया, अजय अग्रवाल, आशीष गुप्ता एवं संध्या मोदी सहित समाज के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button