Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

हरदीप पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी पर बवाल, एप्सटीन फाइल्स विवाद को लेकर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, फंूका पुतला

सीहोर। मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को सीहोर जिला मुख्यालय के न्यू बस स्टैंड पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान एप्सटीन फाइल्स विवाद को मुख्य मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित एप्सटीन फाइल्स विवाद का हवाला देते हुए भाजपा नेतृत्व पर तीखा निशाना साधा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि विवादों में नाम सामने आने के बावजूद ऐसे व्यक्ति को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाना प्रदेश की जनता का सीधा अपमान है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर हरदीप पुरी मुर्दाबाद और हरदीप पुरी कौन है, एप्सटीन का दोस्त है, जैसे नारे लगाए, जिससे पूरा न्यू बस स्टैंड गूंज उठा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
क्या है पूरा राजनीतिक घटनाक्रम
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की एक रिक्त राज्यसभा सीट पर आगामी 12 नवंबर को उपचुनाव होना है। इस सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जैसे ही उनकी उम्मीदवारी की घोषणा हुई, कांग्रेस ने इसे आड़े हाथों लेते हुए राज्य स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन में इनकी रही मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेसी उपस्थित रहे, जिनमें विवेक राठौर, घनश्याम यादव, प्रीतम दयाल चौरसिया, राजाराम बड़े भाई, राहुल यादव, सीताराम भारती, ओमबाबा राठौर, राजेश भूरा यादव, सुनील दुबे, हफीज चौधरी, रामायण प्रसाद शुक्ला, अरुण राय, मांगीलाल टिमरई, रामभजन राय, संतोष सिंह, केके रिछारिया, तुलसी राजकुमार राठौर, भगत सिंह तोमर, कमलेश चाण्डक, संतोष मालवीय, आसिफ अंसारी, अजय रैकवार, हरिओम सिसोदिया, सुयश तोमर, ममता शर्मा, प्रवेश परिहार, तनिष्क त्यागी, विवेक टांक, अभिषेक लोधी और जतिन परमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button