Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

आयशर ट्रक से 5 टन संदिग्ध मावा जब्त, सैंपल जांच के लिए लैब भेजे

सीहोर। त्योहारों में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने श्यामपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने घेराबंदी कर एक आयशर वाहन को रोककर उसमें से संदिग्ध मावे के 107 बोरे जब्त किए हैं। जब्त मावे की कुल मात्रा लगभग 4 से 5 टन आंकी जा रही है। खाद्य विभाग की टीम ने मावे के सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण लैब भेज दिए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आयशर वाहन में भारी मात्रा में मावे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना प्रभारी और सीहोर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोककर उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में मावे से भरे 107 बोरे बरामद हुए।
4 से 5 टन मावा कब्जे में लिया
प्रारंभिक आकलन के मुताबिक वाहन में मौजूद प्रत्येक बोरे का वजन लगभग 40 से 50 किलोग्राम है। इस आधार पर जब्त किए गए कुल मावे का वजन 4 से 5 टन के आसपास आंका गया है। अधिकारियों ने मावे की खेप के साथ आयशर वाहन को भी तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही टीम
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मावे की गुणवत्ताए शुद्धता और स्वच्छता मानकों की जांच के लिए नियमानुसार सैंपल ले रही है। इसके साथ ही अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि मावे की यह विशाल खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। वाहन चालक और उससे जुड़े अन्य लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने और विस्तृत पड़ताल पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। यदि जांच में मावा मिलावटी या अमानक पाया जाता है तो दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button