DCC में मनाई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती, किया योगदान को याद

सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय न्यू बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में देश की पहली महिला प्रधानमंत्री और लौह महिला के नाम से पहचानी जाने वालीं स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने की। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके सम्मान में नारे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने साहसिक फैसलों, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व से भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी देशहित को सबसे ऊपर रखते हुए उन्होंने मजबूत नेतृत्व दिया और उनके आदर्श आगे की पीढिय़ों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री विवेक राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम यादव ने राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दूरदर्शी फैसलों से भारत को विश्व स्तर पर सशक्त पहचान मिली। हरित क्रांति को बढ़ावा देने, बैंकों के राष्ट्रीयकरण और गरीबों, किसानों व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए उनके कार्य देश के विकास में अहम रहे।
इस अवसर पर राजेन्द्र वर्मा, राजाराम बड़े भाई, डॉ. अनीस खान, सीताराम भारती, सुनील दुबे, रमेश गुप्ता, राजेश भूरा यादव, मदनलाल धामन्दा, हफीज चौधरी, रामप्रकाश चौधरी, नरेन्द्र खंगराले, आरती खंगराले, प्रेम नारायण परमार, अरूण राय, घनश्याम मीणा, मनोज पटेल, संतोष पटेल, डॉ. नन्दलाल यादव, तारा यादव, केके रिछारिया, तुलसी राजकुमार राठौर, भगत सिंह तोमर, पंकज शर्मा, आसिफ अंसारी, असरफ अली, नायाब खान, हरिओम सिसोदिया, यश यादव, विवेक टांक, अनुभव सेन, प्रवेश परिहार, जतिन परमार, अरबाज खान और ओम सोनी सहित वरिष्ठ नेता, जिला व ब्लॉक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



