
सीहोर। जिले के बुधनी में गत दिवस हुई पति-पत्नी और बेटे की तीन हत्याओं के बाद बुधनी थाना पुलिस ने 36 घंटे में हत्याओं का खुलासा भी कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जगदीश पिता अकलसिंह भिलाला उम्र 40 साल निवासी ग्राम यारनगर थाना बुधनी ने मृतक राकेश मीणा पिता श्यामलाल मीणा उम्र 47 वर्ष से दो लाख रूपए उधार लिए थे। इन पैसों को ब्याज के साथ देना था। आरोपी को पैसे नहीं देने पड़े, इसलिए उसने अपने साथ अनिल पिता अमनसिंह भिलाला उम्र 20 साल निवासी ग्राम खांडाबड़ थाना बुधनी के साथ योजना बनाई और राकेश मीणा पिता श्यामलाल मीणा, उनकी धर्मपत्नी राधा मीणा उम्र 45 वर्ष एवं पुत्र अश्विन मीणा उम्र 18 वर्ष को रात में मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर वार किए थे। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की एवं आरोपियों को 36 घंटे में ही दबोच लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हत्या का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि 18 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 7.55 बजे वार्ड क्रमांक 12 कोरी मोहल्ला बुधनी निवासी हेमराज मेहरा पिता घनराज मेहरा उम्र 20 वर्ष अपने घर के बाहर मंजन कर रहा था, तभी पड़ोसी राकेश मीणा के घर में अंदर से बकरियों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। पड़ोस में रहने वाली नेहा कुशवाह के कहने पर जब हेमराज ने घर के अंदर जाकर देखा तो गैलरी में खून फैला हुआ था। अंदर देखने पर राकेश मीणा उनकी धर्मपत्नी राधा मीणा एवं पुत्र अश्विन मीणा अलग-अलग स्थान पर खून से लथपथ पड़े हुए थे। तीनों मृतकों के सिर पर किसी ठोस हथियार से गंभीर चोटें मारकर हत्या की गई थी। सूचनाकर्ता हेमराज मेहरा द्वारा तत्काल डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने संभाला तत्काल मोर्चा-
घटना की सूचना प्राप्त होते ही एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा, थाना प्रभारी बुधनी निरीक्षक सुनील ठाकुर पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर जांच की और इसके बाद थाना बुधनी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 506/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे व बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी सुनील ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड द्वारा भी साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास कर मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से त्वरित पतारसी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
हत्या कर मोबाइल टॉयलेट में डाला-
पुलिस ने मामले की जांच की तो जांच में सामने आया कि आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश से लगभग दो लाख रुपए उधार लिए थे। इन पैसों को ब्याज सहित लौटाना था। साथ ही पैसा जमा करने तक जगदीश की फसल में से भी हिस्सा लेने की बात सामने आई, इसलिए आरोपी जगदीश ने अपने साथी अनिल के साथ उसे कुछ पैसों का लालच देकर पूरे परिवार को मारने की योजना बनाई, ताकि उसे उधारी का पैसा नहीं देना पड़े। दोनों आरोपियों ने 16 नवंबर की रात करीब 11-12 बजे के बीच राकेश के घर जाकर उससे कुछ बात करने के लिए दरवाजा खुलवाया और साथ ले गए कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर वार कर हत्या कर दी तथा साक्ष्य छुपाने के लिए मृतक के मोबाइल को टॉयलेट में फेंककर उस पर पानी डाल दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे में रवि शर्मा एसडीओपी बुधनी, सुनील ठाकुर थाना प्रभारी बुधनी, दिनेश चौहान थाना प्रभारी शाहगंज, संदीप जाट, राजेश मालवीय, अशोक कुमार कटारिया, अजय, सतीश रणवीर, हरि सिंह गठोले, घनश्याम दमाडे, देवेंद्र तिवारी, प्रेम नारायण जाट, दिनेश जाट, छगन मालवीय, सोनू चौहान, हर्षित मालवीय, संतोष, अनुज यादव, महेश राजपूत, अनुरोध पटेल, चरण, ब्रजलाल झारवड़े, सतीश साल्वे साइवर सेल एवं शैलेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।



