Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीलिंग भूमि विवाद ने लिया खूनी रूप, हथियारों से लैस लोगों के हमले में किसान घायल

सीहोर। अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखेड़ा में सरकारी सीलिंग भूमि के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। पहले कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले गया। आरोप है कि ट्रैक्टरों में सवार होकर आए करीब 20 से अधिक लोगों ने धारदार हथियारों, पत्थरों और अन्य हथियारों से किसानों पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आने की बात सामने आई है। घायलों में संदीप दांगी, वीरेंद्र दांगी और देवकरण दांगी सहित अन्य लोग शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए सहयोग अस्पताल अहमदपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पीपलखेड़ा में सीलिंग की सरकारी भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने को लेकर न्यायालय का स्थगन आदेश प्रभावी है तथा संबंधित भूमि पर धारा 145 भी लागू है। इसके बावजूद विवादित जमीन पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचने और दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से हिंसक हालात बन गए। जब मामला पहले से प्रशासन और अदालत के संज्ञान में था तो मौके पर टकराव रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए, इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में घटना से उठे सवाल
घटना के दौरान दोराहा तहसील के नायब तहसीलदार दयाराम मार्को सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद आरोप है कि हथियारों से लैस लोगों को रोकने और किसानों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों और किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में भू-माफिया और किसानों से मारपीट से जुड़े करीब एक दर्जन पुराने मामले चल रहे हैं, लेकिन राजस्व और प्रशासनिक अमले की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती। तहसीलदार देशमुख के कार्यकाल और भूमिका को लेकर भी क्षेत्र के किसानों में आक्रोश देखा जा रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
इन लोगों के नाम आए सामने, जांच जारी
मामले में पवन दांगी, राहुल दांगी, चंद्र सिंह दांगी, योगेश दांगी, भूरा दांगी, अवतार दांगी, बलराम दांगी और रजत दांगी सहित अन्य लोगों के नाम हमले के आरोपों में सामने आए हैं। वहीं प्रभावित पक्ष की ओर से राय सिंह दांगी, संदीप दांगी, वीरेंद्र दांगी, देवकरण दांगी और विकेंद्र दांगी सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा राजू दांगी, मनोज दांगी और महेंद्र दांगी के नाम भी घटनाक्रम से जुडक़र सामने आए हैं। अहमदपुर थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
प्रशासन से उठ रहे ये बड़े सवाल
– जब भूमि पर धारा 145 लागू होने और न्यायालय के स्थगन आदेश की जानकारी थी, तो ट्रैक्टर विवादित जमीन तक कैसे पहुंचे।
– राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में हथियारों से लैस लोगों का जमावड़ा कैसे हुआ।
– किसानों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं थी।
– जमीन विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए पहले से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
– घायलों को न्याय दिलाने, आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button