Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होने वाली दिशा बैठक स्थगित

सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शनिवार 21 नवंबर को सीहोर में आयोजित होने वाली जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की महत्वपूर्ण बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है। शुक्रवार को प्रशासन की ओर से बैठक स्थगित किए जाने की जानकारी साझा की गई।
इससे पहले जिला प्रशासन द्वारा बताया गया था कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने गृह और संसदीय क्षेत्र सीहोर में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत और विकास कार्यों का सीधा हिसाब-किताब लेने आ रहे हैं। यह बैठक 21 नवंबर को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित होनी थी, जिसमें केंद्रीय मंत्री के साथ प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और जिले के विधायकों को भी शामिल होना था।
इन प्रमुख मुद्दों और योजनाओं पर होनी थी समीक्षा
चूंकि शिवराज सिंह चौहान के पास केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय की अहम जिम्मेदारी है, इसलिए इस बैठक का एजेंडा मुख्य रूप से किसानों और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर केंद्रित था। बैठक में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा की जानी थी, जिसमें जिले में खाद वितरण की वर्तमान स्थिति, किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था और कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना और स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए कार्यों की प्रगति। लोक निर्माण विभाग, रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े प्रोजेक्ट्स, सडक़ निर्माण और लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों की पड़ताल। नगरीय प्रशासन, ग्रामीण पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, विद्युत कनेक्शन, जल संसाधन, वन, पशुपालन, आपदा प्रबंधन, रोजगार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की हितग्राहीमूलक योजनाओं की स्थिति।
कलेक्टर ने विभागों को अलर्ट रहने के दिए थे निर्देश
बैठक को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयारी में जुटा हुआ था। कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि वे अपने-अपने विभागों की अद्यतन भौतिक और वित्तीय प्रगति की जानकारी के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और निर्धारित एजेंडे के अनुसार सटीक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। अब बैठक स्थगित होने के बाद अगली तारीख की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button