केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बच्चों को सीख, नशे से दूर रहे, खूब पढ़े और प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, कलेक्टर, डॉक्टर बनें
- 38 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि स्कूल रेहटी एवं 8 करोड़ की लागत से बने आयुष चिकित्सालय बोरी की ओपीडी का हुआ लोकार्पण
सीहोर-रेहटी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शासकीय सांदीपनि स्कूल रेहटी एवं आयुष चिकित्सालय बोरी की ओपीडी का लोकार्पण किया। शासकीय सांदीपनि स्कूल के लोकार्पण अवसर पर उन्होंने उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं, पालकों सहित नगरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मन में इच्छा थी कि सरकारी स्कूलों को प्राईवेट स्कूलों से बेहतर बनाना है, इसलिए मुख्यमंत्री रहते हुए सीएम राईज स्कूलों की शुरूआत की थी। अब यह स्कूल सांदीपनि स्कूल हो गए हैं। उन्होंने बच्चों को सीख देते हुए कहा कि वे खूब मन लगाकर पढ़े और प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर बनें। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने बच्चों को योगाभ्यास एवं ध्यान के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में बुधनी के जो बच्चो फस्ट, सेकंड और थर्ड आएंगे उन्हें लैपटॉप दिया जाएगा। इससे पहले रेहटी नगर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी के नेतृत्व में भव्य अगवानी की गई। कार्यक्रम को विधायक रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया।
रोड शो करते हुए पहुंचे स्कूल, मंच लगाकर किया स्वागत-
रेहटी पहुंचे केंद्रीय मंत्री का आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान वे खुली जीप में सवार होकर स्कूल प्रांगण तक पहुंचे। नयागांव रोड पर व्यापारी संगठनों सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों द्वारा मंच लगाकर फूल बरसाए गए। आगे-आगे बैंड चल रहा था तो वहीं पीछे खुली जीप में सवार होकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं विधायक रमाकांत भार्गव चल रहे थे। स्कूल प्रांगण में भी बच्चों ने अपने मामा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने फीता काटकर स्कूल भवन का लोकार्पण किया।
शिवराज ने बरसाए मंच से बच्चों पर फूल-

शासकीय सांदीपनि स्कूल रेहटी के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जब शिवराज सिंह चौहान मंच पर पहुंचे तो मामा… मामा… के नारे गूंजे। इस दौरान श्री चौहान ने बच्चों एवं लाड़ली बहनों पर फूल बरसाए तो वहीं सभी का अभिवादन भी स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे यहां केंद्रीय मंत्री की हैसियत से नहीं, बल्कि अपने प्यारे-प्यारे भांजे-भांजियों के मामा बनकर आए हैं।
स्कूली बच्चों ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम, बांटे प्रशस्ती पत्र-
शासकीय सांदीपनि स्कूल के लोकार्पण अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने रामायण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इस दौरान बच्चों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बच्चों की प्रस्तुति को जमकर सराहा। उन्होंने सभी बच्चों के साथ में फोटो भी खिंचवाए तो वहीं उन्हें प्रशस्ती पत्र भी दिए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्कूल निर्माण एजेंसी मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के उप महाप्रबंधक विवेक विमल शर्मा, प्रबंधक मोहित जाटव एवं वीवीसी रियल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर गगन अग्रवाल कोे भी प्रशस्ती पत्र दिए।
स्कूल मेें बैठकर शिकायतें सुनीं, नगर भ्रमण पर भी निकले, बनाई चाय-

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांदीपनि स्कूल के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद स्कूल में ही बैठकर लाडली बहनों की शिकायतें भी सुनीं। इसके बाद उन्होंने नगर भ्रमण भी किया। गुप्ताजी की दुकान पर पहुंचे तो वहां पर चाय भी बनाई एवं सभी के साथ बैठकर चाय भी पी। केंद्रीय मंत्री देर शाम भोपाल के लिए रवाना हो गए।
ये रहे मौजूद-
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, मप्र पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, नगर परिषद रेहटी के अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, वरिष्ठ भाजपा नेता रामगोपाल टेलर, रामनारायण साहू, अनार सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी, युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत, नगर परिषद भैरूंदा के अध्यक्ष मारूति शिशिर, बुधनी एसडीएम संजीव कुमार नागू, एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा, रेहटी तहसीलदार सपना झिलोरिया, शासकीय सांदीपनि स्कूल रेहटी के प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार, सहित जनप्रतिनिधि, स्कूल स्टॉफ, नगरवासी व आसपास के क्षेत्र के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



