Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

लापरवाही: हाउसिंग बोर्ड ओवरब्रिज बिना स्ट्रीट लाइट और लोकार्पण के शुरू, अंधेरे में मंडरा रहा बड़े हादसे का खतरा

सीहोर। तय समय से 10 महीने की देरी से बनकर तैयार हुए 28 करोड़ रुपए की लागत वाले हाउसिंग बोर्ड ओवरब्रिज पर प्रशासनिक लापरवाही वाहन चालकों की जान पर भारी पड़ सकती है। बिना औपचारिक लोकार्पण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था किए ही इस ब्रिज पर यातायात शुरू कर दिया गया है। शाम ढलते ही पूरे ओवरब्रिज पर घुप अंधेरा छा जाता है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच हर वक्त बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
दरअसल रेलवे ने ओवरब्रिज के नीचे स्थित रेलवे फाटक को पहले ही स्थायी रूप से बंद कर दिया है। दूसरी ओर ब्रिज के दोनों सिरों पर डामरीकरण का काम पूरा होते ही सीहोर और भोपाल के बीच आने-जाने वाले वाहन चालकों ने बिना किसी रोक-टोक के पुल का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। रोशनी के इंतजाम न होने के बावजूद यातायात रोकने या वैकल्पिक रोशनी देने की कोई सुध नहीं ली गई है।
कागजों में अटका 40 लाख का लाइट प्लान, कब लगेंगे 48 पोल
ब्रिज बनने के बाद भी उस पर रोशनी की व्यवस्था अब तक फाइलों में ही उलझी हुई है। ब्रिज कॉर्पोरेशन की इलेक्ट्रिक एंड मैकेनिक शाखा ने टेंडर रिवाइज कर 40 लाख रुपए का नया प्लान मंजूरी के लिए भेजा है, जिसे अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
योजना के मुताबिक ब्रिज के दोनों ओर 48 बिजली के पोल लगाए जाने हैं और बिजली कनेक्शन नगर पालिका के नाम पर लिया जाएगा। तय शर्तों के अनुसार शुरुआती दो महीने तक ईएंडएम शाखा इसका मेंटेनेंस देखेगी, जिसके बाद रखरखाव और बिजली बिल की पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी। लेकिन स्वीकृति में हो रही देरी का खामियाजा आम जनता को अंधेरे में सफर करके भुगतना पड़ रहा है।
18 की जगह 28 महीने में पूरा हुआ काम
इस ओवरब्रिज के निर्माण में शुरुआत से ही भारी सुस्ती देखने को मिली। ब्रिज कॉर्पोरेशन ने जनवरी 2024 में एग्रीमेंट के तहत इसका काम शुरू किया था। अनुबंध के मुताबिक इसे 18 महीने की डेडलाइन यानी दिसंबर 2025 तक पूरा हो जाना था, लेकिन निर्माण एजेंसियों की लेटलतीफी के कारण प्रोजेक्ट 10 महीने पिछड़ गया और इसे पूरा होने में 28 महीने लग गए।
हाईवे के दो अन्य ओवरब्रिज पर तो सिरे से गायब रहेगी लाइट
भोपाल-इंदौर हाईवे पर बन रहे तीन ओवरब्रिजों में से केवल हाउसिंग बोर्ड ब्रिज पर ही स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना है। इसी हाईवे पर फंदा के पास बन रहे दूसरे ओवरब्रिज का काम पूरा होने में अभी करीब डेढ़ महीने का वक्त और लगेगा, जबकि तीसरा ओवरब्रिज तूमड़ा जोड़ पर निर्माणाधीन है। हैरानी की बात यह है कि फंदा और तूमड़ा जोड़ पर बन रहे इन दोनों ही ओवरब्रिजों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कोई प्रावधान ही नहीं रखा गया है, जिससे भविष्य में यहां भी रात के समय सफर जोखिम भरा रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button