Newsविशेषसीहोर

सीहोर : छुटपुट घटनाओं के साथ ‘नगर सरकार’ का भाग्य ईव्हीएम में हुआ बंद

नगर सरकार चुनने के लिए सीहोर में 31970 पुरूष, 28877 महिलाएं और 4 अन्य ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग

सीहोर। नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में सीहोर नगर पालिका के लिए हुए मतदान में छुटपुट घटनाएं हुर्इं। वार्ड नंबर 30 में जहां चाकू-छुरी चली तो वहीं वार्ड नंबर 26 में भी दो दलों के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। इन घटनाओं के साथ में नगर सरकार का भाग्य भी ईव्हीएम मशीनों में बंद हो गया। अब 17 जुलाई को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। सीहोर में 71.76 प्रतिशत मतदान हुआ। नगर सरकार चुनने के लिए 31970 पुरूष, 28877 महिलाएं और 4 अन्य ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इधर मतदान के दौरान कई तरह के अलग-अलग रंग भी देखने को मिले। सीहोर नगर पालिका के लिए हुए पहले चरण के मतदान में सीहोर में दो वार्डों में घटनाएं हुर्इं। वार्ड 30 में दो वोटिंग के दौरान दो लोगों में आपसी विवाद हो गया। इस दौरान अकरम पिता नबाव उम्र 22 वर्ष मेवातीपुरा को बिट्टू एवं शहीद खान ने पीछे से चाकू मार दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और घायल अकरम को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। घटना को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी नलिन बुधौलिया ने बताया कि दो पक्षों में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर यह घटना हुई। घटना के बाद विवाद वाले मतदान केंद्र पर पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। हालांकि घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाशी शुरू कर दी है। इसी तरह वार्ड 26 में दो दलों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान जमकर हाथापाई भी हुई। घटना के बाद वहां लोग एकत्रित हो गए। बताया जा रहा है कि दो दलों के पोलिंग एजेंटों में इस विवाद की शुरूआत हुई थी। हालांकि बाद में पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और स्थिति को सामान्य कराकर मतदान शुरू कराया।
मतदान केंद्रों पर पसरा रहा सन्नाटा-
सीहोर नगर पालिका के 35 में से 34 वार्डों में मतदान हुए। वार्ड 15 पहले ही निर्विरोध घोषित हो चुका था, इसके कारण यहां पर मतदान नहीं हुआ। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया था, लेकिन ज्यादातर मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे तक सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि कई मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी लाइनें दिखाई दीं, लेकिन ज्यादातर जगह इक्का-दुक्का लोग ही वोट डालते नजर आए। यह स्थिति सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक ऐसी ही रही।
युवाओं ने भी दिखाया जोश, बुजुर्गों ने भी किया मतदान-
नगर सरकार चुनने के लिए युवाओं ने भी जोश दिखाया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर वोट डालने पहुंचे युवाओं ने कहा कि वे ऐसी नगर सरकार चुनना चाहेंगे, जो उनके विकास एवं भविष्य के लिए कुछ करे। शिक्षा के क्षेत्र में कुछ करे, सीहोर के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कराएं। इसी तरह वार्ड 34 के एक मतदान केंद्र पर 90 वर्षीय सोना बाई भी वोट डालने के लिए पहुंची। उन्होंने कहा कि वे कई वर्षों से वोट डाल रही हैं, लेकिन अब तक उनकी कई समस्याओं का हल नहीं हुआ है। उनके मोहल्ले में सड़कें नहीं हैं और इस बार वे अपनी नई नगर सरकार से उम्मीद कर रही हैं कि इस बार उनके मोहल्ले की सड़क बन जाए।
घर से कम निकलीं महिलाएं-
सीहोर नगर पालिका के लिए हुए मतदान में इस बार महिलाएं वोट डालने के लिए अपने घरों से कम निकलीं। सीहोर नगर की मतदाता सूची के अनुसार 42,569 पुरूष, 41,057 महिला तथा 6 अन्य मतदाता हैं, जबकि 6 जुलाई को वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों तक 31970 पुरूष, 28877 महिलाएं और 4 अन्य मतदाता ही पहुंचे। यही कारण रहा कि इस बार वोट प्रतिशत 71.76 रहा।
विधायक सुदेश राय पत्नी के साथ पहुंचे मतदान केंद्र-
सीहोर विधायक सुदेश राय अपनी धर्मपत्नी के साथ वार्ड नंबर 1 के मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान वे खुद अपनी गाड़ी चलाकर वोट डालने गए थे। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि सभी मतदाता भाई और बहनें अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और अपनी नगर सरकार को चुनें। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि ज्यादा से ज्यादा युवा अपनी नगर सरकार को चुनने में भागीदारी निभाएं। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने भी वोट डाला। इधर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा एवं उनकी धर्मपत्नी व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमीता जसपाल अरोरा ने भी मतदान किया एवं मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से निष्पक्ष मतदान करने की अपील की। उन्होंने चुस्त-दुरूस्त प्रशासनिक व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण सुरक्षा पूर्ण मतदान संपन्न कराए जाने पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर-एसपी सहित अन्य अधिकारी करते हुए निरीक्षण-
सीहोर में चुनाव के दौरान कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी सहित एडीएम गुंचा सनोबर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीतेश गर्ग, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी लगातार सीहोर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। मतदान केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहा। इधर वार्ड क्रमांक 5 में फर्जी वोट करते हुए युवक को दबोचने की खबर भी आई, लेकिन एसडीएम अमन मिश्रा ने इस खबर का खंडन करते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। खबर गलत है।
149 उम्मीदवार थे मैदान में-
सीहोर नगर पालिका के 34 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच में कांटे की टक्कर थी। चुनाव मैदान में 149 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। सभी वार्डों में भाजपा-कांग्रेस सहित निर्दलीय बड़ी संख्या में चुनावी मैदान में उतरे थे।
ये रहा चरणबद्ध मतदान प्रतिशत-
सीहोर नगर पालिका के मतदान में प्रथम चरण में सुबह 9 बजे तक 14.25 प्रतिशत, 11 बजे तक 31.90 प्रतिशत, 3 बजे तक 61.84 प्रतिशत तथा मतदान समाप्ति तक 72.76 प्रतिशत मतदान हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button