राष्ट्रीय पर्यटन दिवस कार्यक्रम जनजातीय संग्रहालय में 25 जनवरी को

भोपाल
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर पर्यटन, संस्कृति और अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पर्यटन दिवस कार्यक्रम 2022 का आयोजन जनजातीय संग्रहालय में 25 जनवरी की सुबह 10:30 बजे से किया जाएगा। पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री विनोद गोंटिया मुख्य अतिथि होंगे। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव में इस वर्ष प्रदेश में पर्यटन के विकास और नवाचार, संभावनाएँ और लक्ष्यों पर चर्चा की जाएगी।
प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम में रेस्पोंसिबल टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन के लिए पुरस्कृत ग्राम लाडपुराख़ास पर बनी फिल्म को दिखाया जायेगा। साथ ही राजेंद्र जांगले द्वारा बनाई गयी लघु-फिल्म 'ओरछा' को भी लांच किया जायेगा। साथ ही पर्यटन, वैकल्पिक आवास और ग्रामीण पर्यटन विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें विशषज्ञों और मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की सहयोगी संस्थाओं द्वारा अपने विचार और अनुभव साझा किये जायेंगे।
कार्यक्रम में पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रबंध संचालक पर्यटन विकास निगम श्री एस. विश्वनाथन सहित परिचर्चा में शामिल होने के लिए आमंत्रित मेक माय ट्रिप से श्री रवि प्रकाश, एसोसिएशन ऑफ़ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ़ इंडिया महिला उद्यमिता अधिकारी सुश्री श्वेता चोपड़ा, एसोसिएशन ऑफ़ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ़ इंडिया के मध्यप्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष श्री अतुल सिंह, इंदौर होटल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुमित सूरी, हरीतिका, रागिनी फाउंडेशन और बुन्देली कल्चर आदि संस्थाओं के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। कार्यशाला में रेस्पोंसिबल टूरिज्म पर कार्य करने वाली सहयोगी संस्थायें अपने इको फ्रैंडली उत्पादों का प्रदर्शन भी करेंगी।