जनसुनवाई: एसपी ने सुनीं 29 और कलेक्टर ने 57 शिकायतें, त्वरित निराकरण के लिए अफसरों को दिए सख्त निर्देश

सीहोर। आमजन की समस्याओं के त्वरित और समय सीमा में निराकरण के लिए मंगलवार को जिला मुख्यालय पर साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस जनसुनवाई में जिले भर से बड़ी संख्या में लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर ही लोगों से सीधा संवाद कर उनके आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एसपी सक्सेना ने शिकायतों पर दिए त्वरित निर्देश
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने स्वयं उपस्थित रहकर दूर-दराज के गांवों और कस्बों से आए नागरिकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। आज की इस जनसुनवाई में कुल 29 शिकायतकर्ता अपनी कानून-व्यवस्था और पुलिस से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए। एसपी ने शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों की विस्तृत जानकारी ली।
थाना प्रभारियों को अल्टीमेटम
सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

जिपं. सीईओ ने सुनीं 57 नागरिकों की समस्याएं
दूसरी ओर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने संयुक्त रूप से नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी जनपद कार्यालयों में भी इस जनसुनवाई का लाइव आयोजन किया गया ताकि ग्रामीण स्तर पर भी लोगों को भटकना न पड़े।
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए 57 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, नामांतरण, बंटवारा, आपसी विवाद, मेढ़ व रास्ते का विवाद, बीपीएल कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, गन लाइसेंस, वृद्धावस्था पेंशन, आर्थिक सहायता और मुआवजे से संबंधित शिकायतें शामिल थीं।
समय सीमा में निराकरण के आदेश
कलेक्टर बालागुरू के. ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों को दर्ज करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन्हें समय सीमा के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर एसडीएम तन्मय वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Exit mobile version