196 बुजुर्ग करेंगे माता वैष्णो देवी के दर्शन, 13 जून को रवाना होगी स्पेशल ट्रेन

सीहोर। जिले के उन बुजुर्गों के लिए खुशखबरी वाली खबर है, जो लंबे समय से माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने की इच्छा रख रहे थे। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आगामी 13 जून से 18 जून तक जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सरकार अपने खर्चे पर वैष्णो देवी की पवित्र तीर्थ यात्रा कराने जा रही है। इस विशेष धार्मिक यात्रा के लिए जिले से कुल 196 भाग्यशाली तीर्थ यात्रियों का चयन किया गया है, जो माता के जयकारों के साथ रवाना होंगे।
जिले के बुजुर्गों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सीहोर रेलवे स्टेशन को ही बोर्डिंग स्टेशन निर्धारित किया है। यानी चयनित सभी 196 यात्रियों को ट्रेन पकडऩे के लिए किसी दूसरे शहर या भोपाल नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन सीधे सीहोर रेलवे स्टेशन पर आकर रुकेगी और यहीं से सभी बुजुर्ग इस पावन यात्रा के लिए सवार होंगे।
स्टेशन पर लगेगी टेबल, बुजुर्गों को न हो कोई तकलीफ
तीर्थ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर बालागुरू के. ने बैठक लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि यात्रियों के टिकट की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित की जाए। बुजुर्गों को व्यवस्थित और सम्मानपूर्वक तरीके से ट्रेन में बैठाया जाए। इसके लिए सीहोर रेलवे स्टेशन पर बकायदा बैनर और टेबल स्थापित किए जाएंगे, जहां अधिकारी मौजूद रहकर यात्रियों की मदद करेंगे, ताकि हमारे बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा और सहायता के लिए साथ जाएगा अमला
बुजुर्गों की इस 6 दिवसीय यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। ट्रेन के भीतर और पूरी यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों की देखभाल, भोजन, ठहरने और चिकित्सा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं संभालने के लिए शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये कर्मचारी पर्यवेक्षक सुपरवाइजर और गाइड के रूप में पूरी यात्रा के दौरान बुजुर्गों के साथ साए की तरह मौजूद रहेंगे।



