32वां प्रतिभा सम्मान समारोह, 150 मेधावी छात्र और 21 विभूतियां सम्मानित

सीहोर। शहर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में नवोदित कला मंच एवं जन परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 32वां प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया गया। इस वर्ष समारोह ने अपने 32 वर्षों के इतिहास का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सर्वाधिक 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सरस्वती विद् सम्मान से नवाजा गया। नूतन, मोनालिसा, स्वास्तिक, सुभाष, ऑक्सफोर्ड, विवेकानंद और शारदा विद्या मंदिर सहित शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने इस गौरवशाली सूची में अपना स्थान बनाया।
21 विभूतियों का विशेष सम्मान
समारोह में उन 21 विभूतियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। इनमें डॉ. केके नेमा, डॉ. रोहिताश्व शर्मा, रक्तदाता रविकांत कुमरे, अजय अयरे और मोहित ठाकुर सहित अन्य नाम शामिल रहे। वहीं शहर की सक्रिय सामाजिक संस्था टीम संडे का सुकून को उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरणा विद् जनसेवा सम्मान प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरुणा सुदेश राय एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन से हुआ। संगीतिका कलाकारों ने स्वागत गीत और वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी, जबकि डॉ. रूपाली सोनी के मार्गदर्शन में सरस्वती कथक नृत्य कला केंद्र की छात्राओं ने मनमोहक समूह नृत्य पेश किया।
प्रतिभाओं को निखारने की मिसाल
मुख्य अतिथि अरुणा सुदेश राय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संस्था के संस्थापक सुरेश जायसवाल द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर प्रतिभाओं को सम्मानित करना एक अद्भुत कार्य है। इस अवसर पर डॉ. रोहिताश्व शर्मा, डॉ. अनीस खान, कमलेश शर्मा और अखिलेश राय सहित कई गणमान्य नागरिक और संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजेंद्र जायसवाल और डॉ. साक्षी जैन ने किया। अंत में संस्था ने सभी स्कूल स्टाफ और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version