जिले में 42 आशा कार्यकर्ताओं की होगी भर्ती, 16 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

सीहोर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले में 42 आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 नवंबर से प्रारंभ हो चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 16 दिसंबर निर्धारित की गई है। केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे, ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
भर्ती आष्टा, बुदनी, इछावर, नसरुल्लागंज और सीहोर विकासखंड के चयनित ग्रामों में की जाएगी। आवेदन के लिए महिला अभ्यर्थी संबंधित ग्राम की स्थानीय निवासी एवं विवाहित होना आवश्यक है। आवेदिका की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन एमपी ई.सेवा पोर्टल के माध्यम से किए जा सकेंगे। प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के समक्ष रखा जाएगा और ग्रामसभा द्वारा चयन प्रस्ताव का अनुमोदन किया जाएगा। इसके बाद विकासखंड एवं जिला स्तर पर दावे-आपत्तियों और अपीलों का निराकरण कर चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।



