
सीहोर। जिले में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के भंडारण, परिवहन व बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भैरूंदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मारुति वैन से करीब 77.400 लीटर अवैध देशी शराब और बीयर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के निर्देशन एवं एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भैरूंदा निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नीले रंग की मारुति वैन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर रेहटी से भैरूंदा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम अकावलिया और राला के बीच पुलिया के पास घेराबंदी की।
भागने की कोशिश की, पुलिस ने मुस्तैदी से घेरा
घेराबंदी के दौरान जैसे ही संदिग्ध वैन वहां से गुजरी, पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी को तेज गति से भगाकर निकलने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सुरक्षित तरीके से रोक लिया। वाहन में सवार व्यक्तियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम तूफान सिंह तोमर निवासी ग्राम देलावाड़ी थाना रेहटी और करण उर्फ करन धुर्वे निवासी ग्राम गुराडिय़ा कला जिला नर्मदापुरम शामिल हैं।
2.33 लाख से अधिक का माल जब्त
वाहन की गहन तलाशी लेने पर पिछली सीट से 06 पेटी देशी शराब 03 पेटी बीयर कुल 77.400 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 33 हजार 500 रुपए है। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल की गई 2 लाख रुपए की मारुति वैन कुल मशरूका कीमत 2 लाख 33 हजार 500 रुपए को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।