इछावर में 4 डिसमिल जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और चाकू चले, दोनों पक्षों के 6 लोग गंभीर रूप से घायल

तहसीलदार के फैसले के बाद कब्जे को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष, जिला अस्पताल रेफर, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

सीहोर। जिले के इछावर में शुक्रवार को 4 डिसमिल जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी, डंडे और धारदार चाकू निकल आए और जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के 3-3 लोग यानी कुल 6 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद इछावर की एक कॉलोनी के पास स्थित 4 डिसमिल जमीन के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर है। इस बेशकीमती जमीन का मामला लंबे समय से तहसील कोर्ट में चल रहा था। बीते 30 अप्रैल को ही तहसीलदार ने इस मामले में सुनवाई करते हुए रवि नामक व्यक्ति के पक्ष में फैसला सुनाया था। कोर्ट का फैसला आने के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच अंदरूनी तनाव बना हुआ था।
पहले कहासुनी हुई, फिर चाकू और लाठियों से किया हमला
शुक्रवार को इसी जमीन पर कब्जे की बात को लेकर रवि और दूसरे पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी और गाली-गलौज हुईए लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी.डंडे और धारदार चाकुओं से लैस होकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 6 लोग लहूलुहान हो गए, जिन्हें चाकुओं के गहरे घाव आए हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत इछावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन शरीर पर चाकुओं के गहरे घाव और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी 6 घायलों को तुरंत जिला अस्पताल सीहोर के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
घटना की सूचना मिलते ही इछावर थाना पुलिस की टीम भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद के चलते दोनों पक्षों में हिंसक मारपीट हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गांव और घटना स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Exit mobile version