विदिशा-बुुधनी संसदीय क्षेत्र की लाड़लियों को शिवराज सिंह चौहान की सौगात

सीहोर। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित सेज यूनिवर्सिटी में आयोजित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ब्यूटीशियन और सिलाई का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वरोजगार ऋण भी प्रदान किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने भावुक अंदाज में कहा जब तक जिएंगे,े लोगों की जिंदगी बदलने के लिए जिएंगे। हमारा लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि हर घर में खुशी के दीप जलाना, हर हाथ को काम देना और बहनों-बेटियों को सीधे रोजगार से जोडक़र सम्मानजनक जीवन देना है।
सीहोर सहित 4 जिलों की 230 बहनों को मिला हुनर
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि ब्यूटीशियन और सिलाई प्रशिक्षण का यह पहला बैच था, जिसमें उनके संसदीय क्षेत्र के सीहोर जिले सहित विदिशा, देवास और रायसेन की कुल 230 बहनों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं में से 80 बहनों के लोन तुरंत स्वीकृत कर दिए गए हैं, ताकि वे बिना किसी वित्तीय बाधा के अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
27 अक्टूबर से दूसरा बैच
उन्होंने बताया कि आगामी 27 अक्टूबर से प्रशिक्षण का दूसरा बैच शुरू किया जाएगा और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। शिवराज सिंह चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त की कि कई बेटियों ने 35 दिनों की ट्रेनिंग पूरी होते ही अपना काम भी शुरू कर दिया है।

86 हजार बेटियों को सौगात
बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शिवराज सिंह चौहान ने एक बड़ी पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र में करीब 86 हजार ऐसी बेटियां चिह्नित की गई हैं, जो सुकन्या समृद्धि योजना से नहीं जुड़ सकी थीं। अब विभिन्न सहयोग के माध्यम से इन बेटियों के खातों में पहली किस्त के रूप में 1000 जमा कराए जाएंगे, ताकि परिवार योजना की शुरुआत कर सकें।
समृद्ध गांव अभियान से हर परिवार को आजीविका
ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त बनाने के लिए समृद्ध गांव अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य गांव के हर परिवार को किसी न किसी आजीविका गतिविधि से जोडक़र आत्मनिर्भर बनाना है।
मंडीदीप में खुलेगा आधुनिक स्किल सेंटर
युवाओं को स्थानीय औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से रोजगार से जोडऩे के लिए मंडीदीप में स्किल सेंटर स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावाए पारंपरिक कोचिंग सेंटरों को भी स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक हुनर भी मिल सके।
किसानों को आधुनिक खेती की ट्रेनिंग और डेमोंस्ट्रेशन
कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए किसानों के समूहों को दूसरे राज्यों में भेजकर उन्नत खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के खेतों पर एक-एक एकड़ में प्रदर्शन आधारित खेती कराई जाएगी और अच्छे बीज उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे एक किसान सीखकर अपने पूरे गांव का मास्टर ट्रेनर बन सके।

Exit mobile version