Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

खजांची लाइन धर्मशाला में आज सजेगी छप्पन भोग की भव्य झांकी, होगी गिरिराज कढ़ी पूजा

सीहोर। शहर के खजांची लाइन स्थित ब्राह्मण समाज धर्मशाला में सर्व ब्राह्मण समाज महिला मंडल के तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा श्रद्धा और उल्लास के साथ जारी है। कथा के पांचवें दिन आज शुक्रवार को कथा स्थल पर विशेष उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें भगवान गिरिराज जी की विशेष पूजा-अर्चना (कढ़ी पूजा) की जाएगी और भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा। इस भव्य झांकी और महाप्रसाद को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
इससे पहले कथा के चौथे दिन व्यासपीठ से कथा वाचक पंडित रविशंकर तिवारी ने राम जन्म, राम चरित्र और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की दिव्य कथा सुनाई। जैसे ही वासुदेव जी टोकरी में बालकृष्ण को लेकर कंस की जेल से निकले और गोकुल पहुंचे, पूरा पंडाल नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमने लगे।
अहंकार है मनुष्य का सबसे बड़ा दुश्मन
पंडित रविशंकर तिवारी ने भक्तों को संस्कार और जीवन का महत्व समझाते हुए कहा कि जब-जब धरती पर पापए अनाचार और अन्याय बढ़ता है, तब-तब प्रभु सर्वजन हिताय सभी के कल्याण के लिए अलग-अलग रूपों में अवतार लेकर अत्याचारियों का नाश करते हैं।
उन्होंने अहंकार से बचने की सीख देते हुए कहा व्यक्ति को कभी भी अपने जीवन में अहंकार नहीं करना चाहिए। अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है, जो उसकी बुद्धि और ज्ञान दोनों को हर लेता है।
जीवन की किताब में लिखें अनमोल शब्द
कथा वाचक ने रघुकुल के संस्कारों पर प्रकाश डालते हुए एक बेहद सुंदर उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को हमेशा एक लिखे हुए कागज की तरह की कीमती बनना चाहिए, क्योंकि कोरे कागज की तुलना में लिखा हुआ कागज अधिक मूल्यवान होता है। हमें अपने जीवन की किताब में अच्छे कर्मों के अनमोल शब्द लिखने का प्रयास करना चाहिए, ताकि समाज में हमेशा हमारी कद्र होती रहे। उन्होंने समाज सुधार के लिए बच्चों और बुजुर्गों दोनों को कथा सुनने के लिए प्रेरित किया।
भागवत श्रवण से मिलता है परमानंद
पं. तिवारी ने कहा कि भागवत कथा में जीवन का असली सार छिपा है। यदि कोई मनुष्य निर्मल मन और स्थिर चित्त के साथ इस कथा को सुनता है तो उसे परमानंद की प्राप्ति होती है और उसके सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। भगवान का नाम और उनके गुण दोनों ही अत्यंत सुंदर हैं, इसलिए हमें हमेशा प्रभु के नाम का जाप करते रहना चाहिए।
इन्होंने निभाई यजमान की भूमिका
सर्व ब्राह्मण समाज महिला मंडल की अध्यक्ष नीलम शर्मा ने बताया कि कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा के दौरान मुख्य यजमान के रूप में वरुण शर्मा उपस्थित रहे। वहीं एक दिवसीय यजमान के रूप में अध्यक्ष दीपक शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, नरेंद्र शर्मा एवं रमा तिवारी ने सपत्नीक व्यासपीठ और श्रीमद् भागवत जी की पूजा-आरती कर पुण्य लाभ कमाया। महिला मंडल ने आज शुक्रवार को होने वाले छप्पन भोग और गिरिराज पूजा में सभी श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button