
सीहोर। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोडऩे के उद्देश्य से आगामी 12 मई को शहर के महिला आईटीआई संस्थान में एक विशाल युवा संगम रोजगारए स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें स्थानीय स्तर के साथ-साथ मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों की लगभग 16 प्रतिष्ठित कंपनियां शिरकत कर रही हैं। ये कंपनियां अलग-अलग क्षेत्रों में 1610 से अधिक पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में कंपनियों के प्रतिनिधि सीधे युवाओं का साक्षात्कार लेकर उन्हें नियुक्ति प्रदान करेंगे।
स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप की भी सुविधा
रोजगार मेले में केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि अपना व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है…
स्वरोजगार: जिला व्यापार उद्योग केंद्र द्वारा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। मौके पर ही नए प्रकरण (लोन और सहायता फाइलें) तैयार किए जाएंगे ताकि युवा अपना खुद का स्टार्टअप या उद्योग शुरू कर सकें।
अप्रेंटिसशिप: आईटीआई विभाग द्वारा उन युवाओं का चयन किया जाएगा जो तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने कौशल को निखारना चाहते हैं।
कब और कहां पहुंचे
रोजगार मेला 12 मई को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने सभी जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज, पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ सीहोर स्थित महिला आईटीआई संस्थान में उपस्थित होना होगा। जिला प्रशासन और रोजगार विभाग ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।