Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया शिव महापुराण का श्रवण

सीहोर। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आस्था और उत्साह के साथ जिला मुख्यालय के समीपस्थ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में आयोजित छह दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देशभर से पहुंचे दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण कथा का श्रवण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे धाम में दिनभर हर-हर महादेव और शिवभक्ति के जयघोष गूंजते रहे। इस मौके पर विठलेश सेवा समिति ने देव शयनी एकादशी पर यहां पर आने वाले लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का प्रसादी का वितरण किया।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन ने सीहोर रेलवे स्टेशन पर 10 अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराया है। इसके साथ ही अब दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का सीहोर स्टेशन पर स्टॉपेज उपलब्ध हो गया है, जिससे विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिल रही है।
देवशयनी ग्यारस के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विठलेश सेवा समिति द्वारा विशाल फलाहार प्रसादी की व्यवस्था की गई। समिति के सेवादारों ने पूरे दिन श्रद्धालुओं के बीच लगभग 200 क्विंटल फलहारी खिचड़ी, 60 क्विंटल खीर तथा 50 क्विंटल से अधिक फलहारी मिक्चर का वितरण किया। हजारों सेवादार सेवा कार्यों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे रहे।

शिव महापुराण के दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि  अच्छा सलाहकार ही व्यक्ति को मंजिल तक पहुंचाता है। जीवन में अच्छी सलाह देने वाले बहुत कम मिलते हैं, इसलिए अपने बुजुर्गों, माता-पिता, संतों, साधकों और गुरु के वचनों पर अमल अवश्य करना चाहिए। श्री शिवाय नमस्तुभ्यं मंत्र का श्रद्धा और विश्वास के साथ जाप करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है तथा जीवन में धन, वैभव और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।Ó उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव का निरंतर स्मरण, सेवा और सदाचार का जीवन अपनाने का आह्वान किया। इस संसार के प्रत्येक प्राणी के भीतर ईश्वर का वास है। इसलिए सभी के प्रति प्रेम, करुणा और सम्मान का भाव रखना चाहिए। जीवन में तीन कार्य करने का संदेश दिया। पहला, प्रतिदिन भगवान शिव को एक लोटा जल अर्पित करें। दूसरा, भगवान पर अर्पित जल का आचमन करें, जिससे रोगों के निवारण की कृपा प्राप्त होती है। तीसरा, रवि प्रदोष के दिन बेलपत्र का पौधा लगाएं, जिससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। पंडित श्री मिश्रा ने श्रद्धालुओं द्वारा भेजे गए अनेक पत्रों का वाचन भी किया और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।
29 जुलाई को एक दिवसीय गुरुदीक्षा का आयोजन
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि आगामी 29 जुलाई को भव्य रूप से गुरु दीक्षा का महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शिव महापुराण आगामी 28 जुलाई को समापन होगी। धाम में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया, जबकि आयोजन समिति और हजारों सेवादारों ने सेवा भाव से व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संचालित किया।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर सीहोर स्टेशन पर 10 ट्रेनों का स्टापेज
गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्री शिवमहापुराण कथा पर देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीहोर रेलवे स्टेशन पर 10 विशेष ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था की गई है। जिसको लेकर सीहोर रेलवे प्रशासन एवं समस्त रेलवे प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है। यह निर्णय दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी एवं सुविधाजनक सिद्ध होगा। आपकी यह सेवा-भावना श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल, सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। सीहोर रेलवे स्टेशन पर 10 जोड़ी ट्रेनों का अस्थाई ठहराव किया गया है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा बताया कि यह ठहराव तत्काल प्रभाव से 30 जुलाई  तक दिया जाएगा। ठहराव दिये गये ट्रेन इस प्रकार है। 12923/12924 डॉ. अम्बेडकर नगर नागपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 19301/19302 डॉ. अम्बेडकर नगर यशवंतपुर एक्सप्रेस, 22911/22912 इंदौर हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस, 20414/20413 इंदौर वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 20416/20415 इंदौर वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 14115/14116 डॉ. अम्बेडकर नगर प्रयागराज एक्सप्रेस, 19313/19314 इंदौर पटना एक्सप्रेस, 19321/19322 इंदौर पटना एक्सप्रेस, 19305/19306 डॉ. अम्बेडकर नगर कामाख्या एक्सप्रेस, 22645/22646 इंदौर तिरूवनंतपुरम नॉर्थ एक्सप्रेस शामिल हैं ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button