कुबेरेश्वरधाम पर वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव और भगवान विष्णु का हुआ विशेष अभिषेक

सीहोर। धन-दौलत विरासत में मिल सकती है, लेकिन संस्कार अपने आचरण से कमाने पढ़ते हैं। धन-संपत्ति एक दिन समाप्त हो सकती है, पद और प्रतिष्ठा भी समय के साथ छिन सकती है, लेकिन अच्छे संस्कार ऐसे अनमोल धन हैं, जो पीढिय़ों तक परिवार की पहचान और सम्मान बनाए रखते हैं। व्यक्ति की असली पहचान उसके पास कितनी संपत्ति हैए इससे नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, विचार और दूसरों के प्रति उसके आचरण से होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने बच्चों को धन.दौलत के साथ अच्छे संस्कारों की विरासत भी देनी चाहिए। संस्कारों से ही परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है।
यह बात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कही। सोमवार को वैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर कुबेरेश्वरधाम में भगवान शिव और भगवान विष्णु का विशेष अभिषेक किया गया। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। भगवान शिव और भगवान विष्णु के विशेष पूजन के साथ मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का अद्भुत वातावरण दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में शामिल होकर भगवान के जयकारे लगाए। पूरा धाम हर-हर महादेव और जय श्रीहरि के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
उन्होंने कहा कि संस्कार ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी-प्रवचन के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि आज के समय में हर व्यक्ति अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए धन-संपत्ति और सुख-सुविधाएं जुटाने में लगा हुआ है, लेकिन हमें यह भी विचार करना चाहिए कि हम अपनी अगली पीढ़ी को कौन सी विरासत देकर जा रहे हैं। मकान, जमीन, गाड़ी और धन-दौलत तो विरासत में मिल सकते हैं, लेकिन अच्छे संस्कार किसी को विरासत में नहीं मिलते, उन्हें अपने आचरण और व्यवहार से अर्जित करना पड़ता है। माता-पिता बच्चों को महंगे स्कूलों में पढ़ा सकते हैं, उन्हें अच्छी सुविधाएं दे सकते हैं, लेकिन उनके भीतर सम्मान, विनम्रता, सेवा, दया और धर्म के प्रति आस्था जैसे संस्कार परिवार के वातावरण से ही आते हैं। उन्होंने कहा कि घर में पूजा-पाठ करने के साथ-साथ अपने माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना भी आवश्यक है।
पंडित मिश्रा ने कहा कि भगवान की भक्ति केवल मंदिर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। यदि हमारे आचरण से किसी दूसरे व्यक्ति को दुख पहुंचता है तो हमें अपने व्यवहार पर विचार करना चाहिए। शिवभक्ति का अर्थ केवल भगवान को जल चढ़ाना नहीं, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलकर जीवन को सरल, सहज और सद्भावपूर्ण बनाना भी है। पंडित मिश्रा ने कहा कि व्यक्ति को कभी अपने धन और पद का अहंकार नहीं करना चाहिए। जीवन में परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन संस्कार और अच्छे कर्म हमेशा व्यक्ति के साथ रहते हैं। जिस परिवार में बड़ों का सम्मान, छोटों के प्रति स्नेह और जरूरतमंदों की सेवा करने की भावना होती है, उस परिवार में हमेशा सुख-शांति बनी रहती है। इसलिए अपने बच्चों को ऐसी शिक्षा दें कि वे बड़े होकर केवल सफल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि अच्छे इंसान भी बनें।
उज्जैन और काशी से आए संतों का सम्मान
इस अवसर पर उज्जैन और काशी से पधारे संतों का विठलेश सेवा समिति की ओर से विशेष स्वागत एवं सम्मान किया गया। पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित समिति के अन्य सदस्यों ने संतों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर संत राजेन्द्र दास ने कहा कि सीहोर स्थित कुबेरेश्वरधाम आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां भगवान शिव के दर्शनए पूजन और आध्यात्मिक शांति की प्राप्ति के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने सरल और सहज प्रवचनों के माध्यम से शिवभक्ति, सेवा, संस्कार और सनातन धर्म के संदेश को देश ही नहीं, बल्कि विश्व के अनेक देशों तक पहुंचाया है। उनके प्रवचनों से करोड़ों लोग भगवान शिव की भक्ति से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा ने कथा के माध्यम से लोगों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ परिवार, समाज और मानव सेवा का महत्व भी समझाया है। उनकी सहजता और सरलता ही उनकी विशेष पहचान है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच लोकप्रिय होने के बाद भी वे सभी से आत्मीयता और सद्भाव के साथ मिलते हैं।
10 क्विंटल से अधिक मावे की बर्फी का लगाया भोग
वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर कुबेरेश्वरधाम में चल रहे भंडारे में विशेष रूप से 10 क्विंटल से अधिक मावे की बर्फी का भोग लगाया गया। भगवान को भोग अर्पित करने के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। विठलेश सेवा समिति की ओर से आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। सुबह से देर तक श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। भक्तों ने भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान, संतों का सानिध्य, विशेष अभिषेक, आरती और भंडारे के साथ पूरा कुबेरेश्वरधाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

Exit mobile version