कोविड योद्धाओं ने उठाई पुनर्बहाली की मांग, मुख्यमंत्री के नाम विधायक और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सीहोर। कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में अपनी जान जोखिम में डालकर आम जनता की सेवा करने वाले अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों ‘कोविड योद्धाओं’ ने एक बार फिर मध्यप्रदेश सरकार से उन्हें सेवा में बहाल करने की मांग उठाई है। आयुष चिकित्सकों, दंत चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियनों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों, साइंटिस्टों और अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों को शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं में वापस लेने तथा रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति और समायोजन देने की मांग को लेकर कोविड योद्धाओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन विधायक सुदेश राय और जिलाधीश को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम मध्यप्रदेश द्वारा 23 मार्च 2020 के आदेश के तहत जिला स्वास्थ्य समितियों के माध्यम से मेरिट के आधार पर अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती की गई थी। इन कर्मचारियों ने करीब दो वर्षों तक बेहद कठिन परिस्थितियों में दिन-रात अपनी सेवाएं दींए लेकिन 28 मार्च 2022 को बजट की कमी का हवाला देते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। तब से प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित और अनुभवी कोविड योद्धा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं।
अस्पतालों में पद खाली
कोविड योद्धाओं ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के कई जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सरकारी चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ के हजारों पद खाली पड़े हैं। एक तरफ स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ महामारी में काम कर चुके अनुभवी स्वास्थ्यकर्मी रोजगार के लिए भटक रहे हैं। बेरोजगारी के कारण उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
विशेष भर्ती नीति और उच्चस्तरीय समिति बनाने की मांग
ज्ञापन के जरिए कोविड योद्धाओं ने सरकार से मांग की है कि सभी अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों की पुनर्बहाली की जाए। साथ ही उनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर खाली पदों पर संविदा नियुक्ति देने, विशेष भर्ती एवं समायोजन नीति बनाने तथा मांगों के निराकरण के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाए। उन्होंने अनुरोध किया कि इस समिति में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोविड योद्धाओं के प्रतिनिधियों को भी शामिल कर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए और लिखित आदेश जारी किए जाएं।
मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील
पदाधिकारियों ने कहा कि महामारी के समय जब हर कोई घरों में सुरक्षित था, तब इन स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने जीवन की परवाह किए बिना लोगों की जान बचाई। आज वही योद्धा अपने भविष्य और रोजगार की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मानवीय आधार पर उनकी जायज मांगों पर जल्द फैसला लेने की अपील करते हुए कहा कि उनका मकसद सिर्फ रोजगार पाना नहीं, बल्कि अपने अनुभव से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाना भी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से संयोजक डॉ. अंकित असाटी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल पटेल, जिला अध्यक्ष डॉ. मो. इरफान शेख, डॉ. जयनारायण वर्मा, डॉ. प्रदीप, श्वेता प्रजापति, शहनाज, अलका, स्टाफ नर्स राजकुमारी, संगीता सहित बड़ी संख्या में अन्य पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Exit mobile version