Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

जताखेड़ा के पास अनियंत्रित होकर पलटा चावल से भरा ट्रक, धू-धू कर जला

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर मंगलवार को उस समय अफरा तफरी मच गई, जब जताखेड़ा के पास चावल से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ पर ही पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ट्रक में भरा भारी मात्रा में चावल और वाहन का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार ट्रक इंदौर से भोपाल की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक जताखेड़ा के समीप पहुंचा, तभी अचानक चालक वाहन पर से अपना संतुलन खो बैठा। रफ्तार अधिक होने के कारण ट्रक लहराया और सडक़ के बीचों-बीच पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक के पलटते ही उसके केबिन से चिंगारियां उठीं और कुछ ही सेकेंड में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी सहम गए और उन्होंने तुरंत अपने वाहन दूर रोक लिए।
कूदकर बचाई जान, जला लाखों का माल
राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि जैसे ही ट्रक पलटा, चालक और क्लीनर ने बिना वक्त गंवाए केबिन से बाहर की तरफ छलांग लगा दी। दोनों सुरक्षित हैं, लेकिन इसके कुछ ही मिनटों बाद पूरा ट्रक आग का गोला बन गया। ट्रक के अंदर और पीछे लोड किया गया लाखों रुपए का चावल आग की भेंट चढ़ गया। दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं।
दमकल ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तुरंत पानी की बौछारें शुरू कीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक ट्रक और उसमें रखा माल पूरी तरह नष्ट हो चुका था। सडक़ के बीचों-बीच धू-धू कर जलते ट्रक के कारण इंदौर-भोपाल हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
लाखों के नुकसान का अनुमान, जांच में जुटी पुलिस
इस हादसे में चावल और वाहन को मिलाकर लाखों रुपए की नुकसान हुआ है। नुकसान का सटीक आंकड़ा जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण होना प्रतीत हो रहा है, लेकिन दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button