
सीहोर। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत भैरूंदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैरेज के सामने खड़े ट्रैक्टरों से बैटरी चुराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का मशरूका बरामद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी बलराम सोनी निवासी बजरंगकुटी का भैरूंदा में आईसर शोरूम के सामने ट्रैक्टर सुधारने का गैरेज है। बीते 30 अप्रैल की रात गैरेज पर सुधारने के लिए आए तीन ट्रैक्टरों में से अज्ञात चोरों ने बैटरियां पार कर दी थीं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भैरूंदा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीक से पकड़ा गया आरोपी
एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी घनश्याम दांगी के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों व अन्य की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को सहज पंवार निवासी ऋषिनगर कॉलोनी भैरूंदा पर संदेह हुआ। जब पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने 30 अप्रैल की रात गैरेज से बैटरियां चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी से बैटरियां जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 बैटरियां बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। चोरी की इस वारदात का खुलासा करने में थाना प्रभारी घनश्याम दांगी, प्रधान आरक्षक लोकेश रघुवंशी, आरक्षक मुकेश, आरक्षक प्रकाश, आरक्षक रविन्द्र और आरक्षक विश्वास का विशेष योगदान रहा।