अभी न जाओ छोडक़र…. आशा भोंसले के सुरीले गीतों से सजी शाम, सरगम के साथियों ने बांधा समां

सीहोर। शहर के क्रिसेंट वॉटर पार्क का सभागार रविवार शाम पुराने सदाबहार नगमों से गूंज उठा। ‘सरगम के साथी’ संस्था द्वारा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम सुरमयी शाम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसकी शुरुआत सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले को उनके गाए गीतों के जरिए श्रद्धांजलि देकर की गई।
राजेश काशिव और जानी-मानी गायिका सीमा जोशी ने आशा भोंसले के यादगार गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को जादुई बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुदेश राय और समाजसेवी अरुणा राय रहे। विधायक राय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहर में लंबे समय से ऐसे मंच की जरूरत थी, जहां उभरते हुए गायक अपनी प्रतिभा दिखा सकें। सरगम के साथियों ने इस कमी को शानदार तरीके से पूरा किया है।
जब समाजसेवी अरुणा राय ने भी गुनगुनाया गीत
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब रहा जब समाजसेवी अरुणा राय ने खुद एक प्यारा गीत गाकर सभी श्रोताओं का मन मोह लिया। उन्होंने सभी कलाकारों को उनकी बेहतरीन गायकी के लिए बधाई दी। सीहोर, आष्टा और भोपाल से आए गायकों ने एक से बढक़र एक एकल और युगल गानों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पुराने दौर की यादें ताजा हो गईं।
विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार
गायक कलाकारों का उत्साह बढ़ाने के लिए विधायक सुदेश राय ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन कलाकारों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रदीप नागिया ने अपने खास अंदाज में किया। देर रात तक चली इस सुरमयी महफिल ने संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।



