अग्निवीर भर्ती परीक्षा 1 जून से, भोपाल में बनाए गए दो केंद्र, क्लर्क और स्टोर कीपर के लिए इस बार होगा ऑनलाइन टाइपिंग टेस्ट

सीहोर। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा भर्ती वर्ष 2026-27 के लिए अग्निवीर भर्ती रैली की ऑनलाइन परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। यह परीक्षा आगामी 1 जून से शुरू होकर 12 जून 2026 तक चलेगी। भोपाल में इसके लिए दो विशेष परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां रोजाना चार शिफ्टों में कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस बार की परीक्षा में एक बड़ा बदलाव किया गया है। अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को इस बार ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर ही अपना टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी मजबूत रखने की सलाह दी गई है।
भोपाल में यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
ऑनलाइन परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए भोपाल के दो प्रमुख केंद्रों का चयन किया गया है, जिनमेमं आईऑन डिजिटल जोन रायसेन रोड भोपाल और आईऑन डिजिटल जोन आरजीपीवीएम सांखेड़ी कोलार रोड भोपाल शामिल हैं।
एडमिट कार्ड का रखें ध्यान
सेना भर्ती कार्यालय ने सभी परीक्षार्थियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने एडमिट कार्ड पर लिखे सभी दिशा-निर्देशों को बारीकी से पढ़ लें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें। सभी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड का रंगीन या साफ प्रिंटआउट साथ लाना अनिवार्य होगा।
यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र या नियमों को लेकर कोई संशय है तो वह किसी भी स्पष्टीकरण के लिए सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के दूरभाष नंबर 0755-2540954 एवं मोबाइल नंबर 9039018588 पर सीधे संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है।
दलालों के प्रलोभन में न आएं
सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं और उनके परिजनों को आगाह करते हुए स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और केवल योग्यता पर आधारित होती है। सेना ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे नौकरी लगवाने का दावा करने वाले किसी भी दलाल, ठग या प्रलोभन देने वाले तत्वों से सावधान रहें और केवल अपनी मेहनत पर भरोसा करें।

Exit mobile version