’नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के बीच अवैध गांजा, शराब पर शिकंजा, धरपकड़ हुई तेज

- सीहोर जिलेभर के थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई, पकड़ी गई बड़ी मात्रा में अवैध शराब और गांजा

सीहोर। जिलेभर में ’नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के बीच पुलिस ने अवैध गांजा, शराब सहित अन्य अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ भी तेज कर दी है। इस दौरान आष्टा, भैरूंदा, रेहटी, बुधनी, सीहोर सहित जिलेभर के थाना क्षेत्रों में लगातार अवैध मादक पदार्थों पर कार्रवाई की जा रही है। दरअसल पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सीहोर जिले में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे सहित अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अभियान के तहत जहां स्कूलों, कॉलेजों सहित अन्य संस्थाओं में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, वहीं इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में सीहोर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी लगातार अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस दौरान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ भी अभियान छेड़कर उन पर भी शिकंजा कसा है। यही कारण है कि लगातार अवैध गांजा, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की धरपकड़ हो रही है। पिछले दिनों पुलिस ने बड़ी मात्रा में ऐसे अवैध मादक पदार्थों, अवैध गांजा, अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करके बड़ी मात्रा में उनके पास से अवैध मादक पदार्थ भी जप्त किए हैं।
3 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार-
सीहोर जिले की भैरूंदा थाना पुलिस ने ग्राम नयागांव में दबिश देकर घर में छिपाकर रखा गया 3 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नयागांव निवासी पर्वतनाथ पिता हरिनाथ उम्र 42 वर्ष अपने घर में अवैध गांजा छिपाकर रखे हुए है और रोजाना शाम के समय उसकी छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर बेचने का काम करता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मामले को पूरी तरह गोपनीय रखा और तत्काल नियमानुसार आरोपी के मकान पर दबिश दी। जब पुलिस ने घर के कमरों की तलाशी ली तो एक कमरे में रखे बड़े बॉक्स से एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ। बैग को खोलने पर उसमें से चार अलग-अलग पैकेटों में भरा अवैध गांजा मिला। पुलिस ने बरामद गांजे का वजन कराया तो वह 3 किलो 100 ग्राम निकला, जिसकी कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
77 लीटर शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार-
एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी भैरूंदा निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में भैरूंदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मारुति वैन से करीब 77.400 लीटर अवैध देशी शराब और बीयर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर उनसे सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम तूफान सिंह तोमर निवासी ग्राम देलावाड़ी थाना रेहटी और करण उर्फ करन धुर्वे निवासी ग्राम गुराड़िया कला जिला नर्मदापुरम बताया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर पिछली सीट से 6 पेटी देशी शराब, 3 पेटी बीयर कुल 77.400 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 33 हजार 500 रुपए है। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल की गई 2 लाख रुपए की मारुति वैन कुल मशरूका कीमत 2 लाख 33 हजार 500 रुपए को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दीपक यादव, प्रकाश नर्रे, सचिन कालेन, सतेन्द्र, रविन्द्र मेहर, राहुल बघेल और साइबर सेल सीहोर का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
पार्वती पुलिस ने अवैध गांजा सहित 1 आरोपी को पकड़ा-
एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन एवं थाना पार्वती प्रभारी हरि सिंह परमार के नेतृत्व में पार्वती थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा भ्रमण अलीपुर डोराबाद से आरोपिया विनीता तोमर पति अरविंद तोमर निवासी ग्राम सिंगारचोरी वर्तमान निवास डोराबाद अलीपुर के कब्जे से अवैध रूप से रखा मादक पदार्थ गांजा करीब 487 ग्राम जप्त कर अपराध पंजीवद्ध कर जांच में लिया है। गिरफ्तार आरोपिया विनीता तोमर से अवैध मादक पदार्थ लाने के स्त्रोत के संबंध में बारीकी से पूछताछ कर तकनीकी रूप से भी जानकारी एकत्र की जा रही है।
रेहटी पुलिस ने गांजा बेचने वाले के विरुद्ध की कार्रवाई –
बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी रेहटी राजेश कहारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध रूप से गांजा बेचने वाले आरोपी जगदीश मालवीय पिता लालजी मालवीय निवासी रेहटी के कब्जे से कुल 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10000 रुपए है। आऱोपी के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकऱण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई। विवेचना में गांजे की सप्लाई चेन के संबंध में साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका एसआई श्यामकुमार सूर्यवंशी, दीपक सेन, अरूण, अभिषेक, शिवम की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।

नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत पुलिस द्वारा दिए गए सुझाव-
– किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ, शराब एवं नशीली दवाओं के सेवन से दूर रहें।
– युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें एवं उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें।
– नशीले पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय अथवा सेवन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
– अपने परिवार एवं मित्रों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा आवश्यकता होने पर नशा मुक्ति केंद्र की सहायता लें।
– विद्यालय, महाविद्यालय एवं सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
– समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
– पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान में सहभागी बनें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।

Exit mobile version