सावन की फुहारों के बीच वंदे मातरम् से गूंजा सीहोर-इछावर, राष्ट्रीय पर्व से दो दिन पूर्व निकली भव्य तिरंगा यात्राएं

सीहोर। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व से ठीक दो दिन पहले जिला मुख्यालय सहित इछावर तहसील में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत सीहोर शहर और इछावर में विशाल तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। मौसम की रिमझिम फुहारों के बीच हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों के हुजूम ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

टाउन हॉल से लीसा टॉकीज तक उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
जिला मुख्यालय में यात्रा का शुभारंभ टाउन हॉल से आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोडक़र किया गया। बारिश की हल्की बूंदों के बीच यह यात्रा बस स्टैंड, आनंद डेयरी और कोतवाली चौराहे से होते हुए लीसा टॉकीज पहुंची। मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, कलेक्टर बालागुरू के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना हाथों में तिरंगा लिए सबसे आगे चले। यात्रा में जिला पंचायत सीईओ सर्जना सिंह, डीएफओ अर्चना पटेल, अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा सहित करीब 1500 से अधिक छात्र-छात्राएं और नागरिक शामिल हुए।

इछावर राजस्व मंत्री वर्मा ने भरा राष्ट्रभक्ति का जोश
उधर इछावर में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा की कमान प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने संभाली। इछावर की सडक़ों पर जनसमूह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की आन, बान, शान और अखंडता का प्रतीक है। आजादी हमें स्वतंत्रता सेनानियों के कठिन संघर्ष और बलिदान से मिली है, जिसे हमेशा याद रखना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना हमारा कर्तव्य है। इस दौरान इछावर नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, कैलाश सुराणा और मनीष विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


अभियान को लेकर प्रशासन मुस्तैद, कॉलेजों में प्रतियोगिताएं
कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले में 9 से 17 अगस्त तक चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। वहीं प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा प्रश्नोत्तरी और पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जहां प्राचार्य डॉ. रोहिताश कुमार शर्मा ने युवाओं को ध्वज संहिता और तिरंगे के महत्व की जानकारी दी।



