Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बुधनी मिडघाट नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को रौंदा, 100 से अधिक भेड़ों की मौत

सीहोर। बुधनी के मिडघाट नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने हाईवे पार कर रहे भेड़ों के झुंड को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में करीब 100 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच भेड़ पालक अपने भेड़ों के झुंड को लेकर नेशनल हाईवे पार करवा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए भेड़ों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कई भेड़ें सीधे कंटेनर के पहियों के नीचे आ गईं। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा और यातायात धीमा हो गया।
पुलिस ने कंटेनर चालक को लिया हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित कराया और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित कंटेनर को जब्त कर लिया है और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
प्रभावित पशुपालकों ने की मुआवजे की मांग
पीड़ित भेड़ पालक रूपेश ने बताया कि इस हादसे में उनकी और उनके साथियों की लगभग 100 भेड़ों की मौत हो चुकी है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा जल्द से जल्द प्रदान किया जाए। बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button