पॉश कॉलोनी एसआर विहार में फिर चोरी की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

सीहोर। जिला मुख्यालय पर बीते कुछ दिनों से चोर उत्पात मचा रहे हैं। शहर की सबसे सुरक्षित और पॉश मानी जाने वाली एसआर विहार कॉलोनी में शनिवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाने का प्रयास किया। हालांकि चोरों की यह पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि इसी कॉलोनी में एक हफ्ते के भीतर चोरी की यह दूसरी वारदात है।
एसआर विहार कॉलोनी चारों तरफ से ऊंची-ऊंची दीवारों से घिरी हुई है और यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ होकर कॉलोनी के अंदर घुस गए। शनिवार रात चोर बाउंड्री गेट लांघकर एक सूने मकान के अंदर दाखिल हुए और चोरी की नीयत से आगे बढ़े। इससे पहले बीते 6 जून को भी इसी कॉलोनी में एक घर का ताला तोड़ा गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से कॉलोनी के रहवासी बेहद डरे हुए हैं।
करौली माता मंदिर चोरी का भी अब तक सुराग नहीं
शहर में चोर सिर्फ सूने मकानों को ही नहीं, बल्कि धार्मिक स्थलों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। बीते सोमवार को शहर के प्रसिद्ध करौली माता मंदिर में भी बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। चोर मंदिर की दानपेटी सहित हजारों रुपए का कीमती सामान समेटकर फरार हो गए थे। पुलिस इस मामले में भी अब तक खाली हाथ है और आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।



