जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई है अंतिम तारीख

सीहोर। जिले के श्यामपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षा छठवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योग्य और इच्छुक विद्यार्थी आगामी 31 जुलाई तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन स्वीकार किए जा रहे हैं। अभिभावक और छात्र नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट www.navodaya.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों और सर्वर डाउन होने की समस्या से बचने के लिए समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।
आवेदन के लिए क्या हैं जरूरी पात्रताएं
नवोदय विद्यालय संगठन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह शर्तें पूरी करना अनिवार्य है, जिनमें…
आयु सीमा: आवेदन करने वाले विद्यार्थी की जन्म तारीख 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए इसमें ये दोनों तारीखें भी शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता: छात्र ने किसी भी सरकारी अथवा शासन से मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा तीसरी और चौथी की परीक्षा पास कर ली हो। इसके साथ ही वर्तमान शैक्षणिक सत्र में वह कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत होना चाहिए।
स्थानीय निवासी: अभ्यर्थी का सीहोर जिले का मूल निवासी होना अनिवार्य है, जिसका सत्यापन उसके सरकारी पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड में दर्ज पते के अनुसार किया जाएगा।
होनहार बच्चों के लिए बड़ा अवसर
बता दें कि जवाहर नवोदय विद्यालय भारत सरकार द्वारा संचालित आवासीय सह शिक्षा विद्यालय हैं, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त शिक्षा के साथ-साथ रहने और खाने की अच्छी सुविधाएं मिलती हैं। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के होनहार बच्चों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी पात्र छात्रों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।



