News

ड्यूटी पर तैनात बटालियन के जवानों और वनरक्षक से मारपीट, लूटी गई बाइक के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने, ड्यूटी पर तैनात बटालियन के आरक्षकों व वनरक्षक के साथ मारपीट करने और जब्त मोटरसाइकिल लूटकर ले जाने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, शासकीय वाहन की चाबी और घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 8 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है। 15वीं बटालियन जी कंपनी इंदौर के आरक्षक भागीरथ सिंह विश्वकर्मा, आरक्षक प्रिंस शाक्य और सहायक उपनिरीक्षक गोपीनाथ रावत ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान आरोपी मानसिंह कोरकू अपने साथी जयकिशन उर्फ जैकी और महेश कोरकू के साथ वहां पहुंचा।
तीनों आरोपियों ने बेवजह गाली-गलौज करते हुए आरक्षक भागीरथ के साथ डंडों व लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब बीच-बचाव करने साथी आरक्षक प्रिंस शाक्य, वनरक्षक धर्मेंद्र जाटव और एएसआई गोपीनाथ पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने एक मोबाइल छीन लिया और कमरे का ताला तोडक़र पूर्व में जब्त की गई मोटरसाइकिल तथा शासकीय उडऩदस्ते की चाबी जबरन लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, एएसपी प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन और एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में इछावर थाना प्रभारी रामबाबू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक, शासकीय चाबी और हमले में इस्तेमाल किए गए डंडे जब्त कर लिए। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कियाए जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मानसिंह कोरकू निवासी गादिया, जयकिशन कोरकू निवासी दौलतपुर और महेश सिंह कोरकू निवासी दौलतपुर शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button