
सीहोर। शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने एक बड़ा कदम उठाया है। नगर पालिका परिषद की सामान्य परिषद सम्मेलन बैठक में शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े करोड़ों रुपये के महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है। इस बैठक में सडक़, नाला निर्माण, घाट विकास, बिजली व्यवस्था, यूनिपोल स्थापना और शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक का एक प्रमुख और ऐतिहासिक आकर्षण बाल विहार मैदान का नाम बदलकर दादा शिवलाल सिंह चौहान मैदान करने का निर्णय रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि सीहोर को एक आधुनिक, स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाना है। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे। सडक़ए नाली, प्रकाश व्यवस्था और घाटों के कायाकल्प से आने वाले समय में शहर की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वीकृत किए गए सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा ताकि आमजन को इसका सीधा लाभ मिल सके।
बैठक में इन प्रमुख प्रस्तावों को मिली हरी झंडी
परिषद की बैठक में शहर की सूरत बदलने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं, जनमें
सीवन नदी घाट का विकास: वार्ड क्रमांक 28 में स्थित सीवन नदी घाट के विकास और सुदृढ़ीकरण कार्य को मंजूरी दी गई।
सडक़ों का डामरीकरण और सौंदर्यीकरण: भोपाल नाका क्षेत्र में सडक़ों के डामरीकरण, फुटपाथ निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग और सौंदर्यीकरण के काम किए जाएंगे। इसके साथ ही शासकीय स्कूल से लुनिया चौराहा तक सीसी सडक़ और स्ट्रीट लाइट लगाने की विस्तृत योजना पास हुई है।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा: शहर के प्रमुख एमपीबी चौराहे पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
नाला निर्माण: जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भोपाल नाका से सीएम-2 नाले तक नए नाले का निर्माण और उसके आसपास सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।
शहीद स्मारक का प्रभार: सेकड़ा खेड़ी स्थित शहीद स्मारक स्थल को अब नगर पालिका परिषद अपने अधीन लेकर उसका जीर्णोद्धार और रखरखाव करेगी।
यूनिपोल स्थापना: शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को व्यवस्थित व आधुनिक लुक देने के लिए यूनिपोल लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह सहित परिषद के सभी पार्षदगण और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराने पर अपनी सहमति जताई।