भैरुंदा पुलिस की जुए की फड़ पर रेड, 7 आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख का मसरुका जब्त

सीहोर। भैरूंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुए की फड़ पर छापा मारा है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ताश पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे 07 जुआरियों को रंगे हाथों हिरासत में लिया है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर 04 अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत कुल करीब 5 लाख रुपये का मशरुक जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी रौशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। भैरूंदा पुलिस को मुखबिर से खास सूचना मिली थी कि लाडक़ुई क्षेत्र में शैलेन्द्र ठाकुर के खेत पर बनी एक टपरिया में कुछ लोग ताश पत्तों से रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए 07 लोगों को दबोच लिया, जबकि 04 आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
गिरफ्तार आरोपी
– अभिषेक पिता रामचरण निवासी लाडक़ुई
– यशवंत ठाकुर पिता मांगीलाल निवासी लाडक़ुई
– जितेन्द्र पिता मोती सिंह निवासी लाडक़ुई
– बाबुलाल बागवान पिता मूलचंद निवासी लाडक़ुई
– सुनील वर्मा पिता कैलाशचंद वर्मा निवासी लाडक़ुई
– अनुराग मुकाती पिता महेन्द्र मुकाती निवासी लाडक़ुई
– हरिनारायण मीना पिता बोंदर सिंह निवासी लाडक़ुई
लाखों का सामान जब्त
मौके की तलाशी लेने पर पुलिस ने फड़ और आरोपियों के पास से नगदी 71 हजार रुपये, मोबाइल फोन 07 नग, 06 मोटरसाइकिलें जब्त की। कुल जब्त किए गए मसरुका की कीमत लगभग 5 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है, जबकि फरार हुए 04 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।



