किसानों के लिए बड़ी खबर, अब उड़द पर भी मिलेगा 600 रुपये बोनस

सीहोर। किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग ने मध्य प्रदेश के किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बड़ी राहत दी है। सरकार ने ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द उपार्जन की अंतिम तिथियों को आगे बढ़ा दिया है।
प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत मूंग उत्पादक किसानों के लिए उपार्जन का स्लॉट बुक करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी गई है। वहीं मूंग और उड़द उपार्जन की अंतिम तिथि अब 20 अगस्त तय की गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत किसानों को अपना मोबाइल नंबर, पंजीयन और आवश्यक विवरण दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
अब 60 प्रतिशत उपार्जन का प्रावधान
किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उपार्जन नीति में आंशिक संशोधन भी किया है। नई व्यवस्था के तहत अब मूंग उपार्जन कृषकों की कुल उपज का 60 प्रतिशत तक किया जाने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा राज्य में खाद वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से हाइब्रिड मोड लागू कर दिया गया है।
उड़द उपार्जन पर 600 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस
दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और राज्य को इसमें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा उड़द के उपार्जन पर किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा। सरकार के इन फैसलों से प्रदेश के हजारों किसानों को अपनी उपज का सही दाम और विक्रय का पूरा अवसर मिल सकेगा।

Exit mobile version