बिपोरजॉय तूफान का अलर्ट: 16-17 जून को हो सकती है बारिश, गिर सकते हैं ओले

सीहोर। भारत के तटीय इलाकों में लगातार कहर बरपा रहे तूफान बिपोरजॉय के मध्यप्रदेश सहित सीहोर पहुंचने की भी संभावनाएं हैं। तूफान लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा भी 16-17 जून का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सीहोर पहुंचने पर बिपोरजॉय तूफान की रफ्तार घटकर 35 से 40 किमी प्रति घंटा हो सकती है। सीहोर स्थित आरएके कॉलेज के मेट्रोलॉजिस्ट सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि भारत के तटीय इलाकों में कहर बरपा रहा चक्रवाती तूफान बिपोरजॉय की रफ़्तार सीहोर पहुंचने पर धीमी हो सकती है। प्रशासन ने 16 और 17 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। तूफान के कारण बारिश हो सकती है, कहीं ओले एवं बिजली भी गिर सकती है। श्री तोमर ने कहा कि यह चक्रवात अरब सागर से शुरू हुआ है, इसलिए बड़े पैमाने पर ओलावृष्टि की संभावना कम है। बारिश, हल्की ओलावृष्टि और बिजली गिरेगी, लेकिन गुजरात में 155 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले चक्रवात की गति सीहोर पहुंचने पर घटकर 35 से 40 किमी प्रति घंटा हो जाएगी। उन्होंने बताया कि सीहोर प्रशासन ने चार दिनों के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। 14 और 15 जून को ऑरेंज अलर्ट और 16 और 17 को रेड अलर्ट रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर यह चक्रवात बंगाल की खाड़ी से शुरू हुआ होता तो भारी ओलावृष्टि की संभावना होती, लेकिन चूंकि यह अरब सागर से शुरू हुआ है, ओलावृष्टि कम होगी। चक्रवात भारत के तटीय इलाकों में दस्तक दे चुका है और वहां यह कहर बरपा रहा है। तटीय इलाकों को खाली करा लिया गया है।