भाजपा जिला कामकाजी बैठक संपन्न, 12 वर्ष विश्वास और विकास के महाअभियान की बनी रूपरेखा

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी की मासिक कामकाजी बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और जिला प्रभारी विकास विरानी सहित मंच पर उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संगठन द्वारा व्यापक कार्यक्रम तय किए गए हैं। यह पूरा आयोजन 12 वर्ष विश्वास केए विकास के और जनकल्याण के अभियान के तहत किया जा रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ इन कार्यक्रमों को जमीन पर सफल बनाएं।
अध्यक्ष मेवाड़ा ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए बताया कि जिले में नए शक्ति केंद्रों और बूथों का गठन कर उनके प्रभारियों व अध्यक्षों की नियुक्तियां पूरी की जा चुकी हैं। अब सभी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर सरकारी योजनाओं और पार्टी की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
12 से 21 जून तक कार्यक्रम तय
मुख्य वक्ता और जिला प्रभारी विकास विरानी ने आगामी कार्यक्रमों की पूरी समय-सारणी कार्यकर्ताओं के सामने रखी। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून से ही हो चुकी है और आगे के कार्यक्रम इस प्रकार रहेंगे।
12 से 18 जून: प्रत्येक विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसी दौरान केंद्र सरकार की 12 साल की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
15 से 18 जून: जिला स्तर पर बुद्धिजीवियों, प्रबुद्ध नागरिकों के सम्मेलन और महत्वपूर्ण सभागार बैठकें आयोजित की जाएंगी।
19 और 20 जून: जिले के दो प्रमुख स्थानों पर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्यशालाएं होंगी, जिसमें किसानों को आधुनिक व प्राकृतिक तौर-तरीके सिखाए जाएंगे।
21 जून: इस दिन जिले के प्रत्येक मंडल स्तर पर विशाल योग अभ्यास शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रभारी ने सभी मंडल अध्यक्षों और प्रभारियों को मंडलवार जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्देश दिए कि वे इन कार्यक्रमों में आम जनता की भागीदारी हर हाल में सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास विरानी के साथ तीनों जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, जितेंद्र गौड़ एवं तारा कटारिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद थे।



