Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भाजपा में महिलाओं को सम्मान, कांग्रेस कर रही अपमान, बुधनी में पीसीसी चीफ के निर्देश हवाहवाई!

- झंडावंदन के बाद शुरू हुआ राष्ट्रगान, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल बांधते रहे तिरंगा

सीहोर। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सम्मान दे रही है। सरकार ने महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की। चुनावों में महिलाओं को आरक्षण दे रही है तो वहीं उन्हें मंत्रिमंडल में भी शामिल किया गया है। अब सीहोर जिले का प्रभारी मंत्री भी कृष्णा गौर को बनाया गया है, लेकिन दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस में लगातार महिलाओं का अपमान हो रहा है। इसकी बानगी भी सीहोर जिले के बुधनी में देखने को मिली। बुधनी में कांग्रेस पार्टी द्वारा झंडावंदन का कार्यक्रम रखा गया था, जिसको लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कांग्रेस की अंतर्कलह भी सामने आई। बताया जा रहा है कि यहां पर कांग्रेस पार्टी द्वारा पिछले करीब 40 वर्षों से झंडावंदन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस बार भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां झंडावंदन का कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें झंडावंदन करने के लिए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजा यादव द्वारा बुधनी की कांग्रेस नेत्री, प्रदेश सचिव एवं पूर्व पार्षद कंचन शर्मा को आमंत्रित किया गया, लेकिन झंडावंदन के दौरान प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार पटेल ने यह जिम्मेदारी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजा यादव को सौंपी, जिस पर प्रदेश सचिव कंचन शर्मा के पति संजय शर्मा ने आपत्ति उठाई एवं पीसीसी द्वारा दिए गए निर्देशों का हवाला भी दिया। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश अध्यक्ष द्वारा महिलाओं से झंडावंदन कराने के लिए कहा गया है। जो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है उसमें पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल समझाईश देते हुए यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि इसका विशेषाधिकार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के पास है, जबकि झंडावंदन को लेकर पीसीसी द्वारा महिलाओं से कराने का कहा गया है। हालांकि आपत्ति के बाद महिला नेत्री कंचन शर्मा एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा झंडावंदन किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान शुरू हुआ, लेकिन पूर्व मंत्री राष्ट्रगान के दौरान झंडा बांधते रहे।

कांग्रेस में कई मौकों पर होता रहा है महिलाओं का अपमान-
कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलक एवं गुटबाजी सार्वजनिक है। नाम नहीं छापने की शर्त पर सीहोर जिले के एक कद्दावर कांग्रेस नेता ने बताया कि कांग्रेस में महिलाओं का अपमान कोई नई बात नहीं है। पहले भी कई बार महिलाएं अपमानित होती रही हैं। बैठकों, कांग्रेस के कार्यक्रमों में यहां के वरिष्ठ नेताओं द्वारा महिलाओं का अपमान किया जाता रहा है। वे बताते हैं कि विनाश काले विपरीत बुद्धि वाली स्थिति इस समय कांग्रेस में बनी हुई है। एक तरफ भाजपा सबका साथ, सबका विकास की बात करती है तो वहीं कांग्रेस ने सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा में जातियों पर आधारित सर्वे कराने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। अब कांग्रेस जातिगत आधार पर राजनीति की तरफ बढ़ रही है, जबकि यह समय सबका साथ-सबका विकास का है। भाजपा इसलिए ही सत्ता में है कि उनकी सोच सबके लिए है, लेकिन कांग्रेस पार्टी अब भी जातियों में ही उलझकर रह गई हैं।

लगातार सक्रियता दिखा रहे हैं पूर्वमंत्री राजकुमार पटेल-
पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल बुधनी विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रियता दिखा रहे हैं। वे यहां होने वाली बैठकें सहित अन्य कार्यक्रमों में लगातार पहुंच रहे हैं। दरअसल बुधनी विधानसभा में उपचुनाव होना है और राजकुमार पटेल भी यहां से टिकट की तैयारी कर रहे हैं। वे लगातार जनसंपर्क में भी जुटे हुए हैं। हालांकि 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने भोजपुर से टिकट दिया था, लेकिन वे चुनाव हार गए। बुधनी विधानसभा से भी वे चुनाव हारे हैं। उनका यहां पर विरोध भी किया जा रहा है।

इधर विक्रम मस्ताल शर्मा ’हनुमानजी’ ने किया इटारसी में ध्वजारोहण-
बुधनी विधानसभा के युवा कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ’हनुमानजी’ ने अपने गृह ग्राम इटारसी में झंडावंदन किया। यहां पर उन्होंने झंडावंदन के साथ ही भारत माता के चरणों में पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उपस्थित लोगों को भी संबोधित किया। विक्रम मस्ताल शर्मा ने यहां पर स्कूली बच्चों को पेन कॉपी सहित अन्य सामग्री का वितरण किया एवं उनसे संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों को बताया कि वे अपने माता-पिता और गुरु का सम्मान करें एवं उनका मार्गदर्शन लेकर नई ऊंचाइयों को छुए। इस दौरान उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर का भी उदाहरण प्रस्तुत किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Křémová sýrová polévka bez smetany: Nejnovější kuchyňské