भाजपा की मासिक जिला बैठक संपन्न, सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की हुई समीक्षा
सेवा ज्योति यात्रा, आंगन मिलन और अनकही कहानी कार्यक्रम को लेकर बनी रणनीति

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में भाजपा की मासिक जिला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, डॉ. यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अब तक आयोजित हुए कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसके साथ ही वर्तमान में जारी और आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
युवाओं की सहभागिता से भव्य बनेगी सेवा ज्योति यात्रा
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने अभियान के विभिन्न कार्यक्रम प्रमुखों से अब तक की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आगामी सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए कि इस यात्रा को भव्य रूप से आयोजित किया जाए और इसमें अधिक से अधिक युवा कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
आंगन मिलन व अनकही कहानी से जुड़ेंगे लाभार्थी
संगठन के जिला प्रभारी विकास विरानी ने पदाधिकारियों की उपस्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम को लेकर दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अनकही कहानी कार्यक्रम के जरिए शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों को आम जन तक साझा करने के निर्देश कार्यकर्ताओं को दिए।

आंकड़ों के साथ रखी गई आगामी कार्ययोजना
जिला टोली के संयोजक रवि मालवीय ने सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। उन्होंने आगामी दिनों में होने वाले आयोजनों की रणनीति और रूपरेखा पदाधिकारियों के सामने रखी। वहीें आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए आह्वान किया कि पार्टी का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता कम से कम एक सेवा कार्य अवश्य करे। बैठक में भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं सेवा संकल्प अभियान टोली के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।



